Budaun News: पंखे से लटका मिला विवाहिता का शव
बिसौली (बदायूं)। ग्राम बंजरिया में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। इस मामले की पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बंजरिया निवासी बंटू की वर्ष 2016 में संभल जिले के ग्राम गोपालपुर निवासी संतोष से शादी हुई थी। उसके दो पुत्र और दो साल की पुत्री गुड़िया है। बताया जाता है कि बृहस्पतिवार की दोपहर बंटू के घर में शोर मचने पर पड़ोसी वहां पहुंच गए तो उन्होंने देखा कि संतोष का शव पंखे से बंधे दुपट्टे से झूल रहा है।
ग्रामीणों ने शव को फंदे से उतारकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। देर रात तक मायके से कोई भी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा था और न ही कोई तहरीर दी गई। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। बताते हैं कि मृतका संतोष की सास भूरी देवी किसी निजी अस्पताल में भर्ती हैं। इधर, ग्रामीणों का कहना है कि बंटू और संतोष के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद यह घटना हुई है। संवाद



