Budaun News: जर्जर मकान तोड़ते समय गिरी दीवार, मलबे में दबकर मजदूर की मौत

जोगीपुरा के इसी बिल्डिंग के मलबे से दबकर हुई मजदूर की मौत। संवाद
कोतवाली क्षेत्र के मथुरिया चौक के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। कोतवाली क्षेत्र के जोगीपुरा मोहल्ले में जर्जर पुराना मकान तोड़ते समय दीवार गिरने से उझानी के एक मजदूर की मलबे के नीचे दबकर मौत हो गयी।
जोगीपुरा मोहल्ले में रहने वाले डॉक्टर अनुपम ने अपना पुराना मकान मथुरिया चौक के पास रहने वाले पूरन बाबू को बेचा है। नया मकान बनाने के लिए उन्होंने पुराना मकान तोड़ने का ठेका मनोज को दिया। ठेकेदार के माध्यम से उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव जिरौली निवासी प्रेमचंद (45) पुत्र सोवरन लाल मजदूरी पर बदायूं आया।
बृहस्पतिवार दिन में तीन बजे मकान तोड़ते समय उसकी जर्जर दीवार भरभरा कर प्रेमचंद के ऊपर गिर गई। मलबे के नीचे वह दब गया। आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और बमुश्किल उसे मलबे के नीचे से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना परिजनों को दी गई।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मकान मालिक ताला लगाकर फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर कोतवाली बिजेंद्र सिंह का कहना है कि अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।



