प्रेमी से मिटवाया सुहाग: बीवी ने रची साजिश, बेहोश होने पर जिंदा रेल पटरी पर लिटाया; बोली- नहीं रखता था खुश

हत्यारोपी पत्नी, प्रेमी और उसका दोस्त
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति की खौफनाक तरीके से हत्या करवा दी। महिला के एक युवक से अवैध संबंध थे। पति इसका विरोध करता था। इस पर पत्नी ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली। महिला के कहने पर प्रेमी ने उसके पति को बुलाया। शराब पिलाकर बेहोश किया। इसके बाद उसे रेल पटरी पर डाल दिया। ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने महिला, उसके प्रेमी और एक अन्य युवक को गिरफ्तार करने के बाद रविवार को खुलासा कर दिया।
फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव शिवपुरी निवासी रामवीर का शव शुक्रवार को महेशपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पड़ा मिला था। कुछ दूरी पर ही उसकी बाइक खड़ी मिली थी। वहां शराब के खाली पौव्वे और गिलास मिले थे। प्रथमदृष्टया पुलिस हादसे की बात कह रही थी। भाई अशोक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बुधवार को उनके भाई के मोबाइल फोन पर कॉल आई थी। इसके बाद वह बाइक पर बैठकर घर से चला गया। उसका पता नहीं चला तो गुमशुदगी दर्ज कराई गई। शव मिलने के बाद उन्होंने हत्या का आरोप लगाया।
ये भी पढ़ें- बहेड़ी में दरिंदगी: नाबालिग लड़की से तीन युवकों ने किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो भी बनाया; दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गहनता से जांच की तो मृतक की पत्नी आरती वर्मा के प्रेम प्रसंग की बात सामने आई। पत्नी के निकसुआ निवासी मानवेंद्र से अवैध संबंध थे। रामवीर इसका विरोध करता था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरती और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों टूट गए। उन्होंने रामवीर की हत्या की बात कबूल की। आरोपी पत्नी आरती ने बताया कि रामवीर उसे परेशान करता था। वह उससे खुश नहीं थी। इसलिए उसने अपने प्रेमी मानवेंद्र से उसकी हत्या करवा दी।


