Pilibhit News: सुनगढ़ी थाने के सामने दोपहर में लगा एक घंटे जाम

शहर के थाना सुनगढ़ी के पास लगे जाम में फंसे वाहन । संवाद
पीलीभीत। शहर में सोमवार को सुनगढ़ी थाने के सामने दोपहर में एक घंटे तक जाम लगा रहा। कड़क धूप में स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं परेशान होती रहीं लेकिन एक भी पुलिसकर्मी थाने से बाहर नहीं निकला। करीब एक घंटे बाद किसी की गाड़ी में लगा सायरन बजा तो पुलिसकर्मी बाहर निकले। इसके बाद जाम खुलवाया जा सका।
शहर के स्टेशन से थाना सुनगढ़ी से होकर शहर की तरफ जाने वाला रोड बेहद व्यस्त रहता है। थाने के पास तिराहा है। यहां से एक रास्ता उपाधि डिग्री कॉलेज, दूसरा शहर व तीसरा स्टेशन की तरफ जाता है। एक रोड स्टेडिम की तरफ भी जाता है। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सुनगढ़ी थाने के सामने जाम लग गया। देखते ही देखते वाहन इस कदर फंस गए कि जो जहां था, वहीं ठहर गया। वाहन आगे-पीछे तक नहीं हो पा रहे थे।
चिलचिलाती धूप में करीब एक घंटे तक जाम से लोग बेहाल हो गए। वाहनों का शोर भी जबरदस्त था। छुट्टी होने के कारण कई स्कूली बच्चे जाम में फंसे थे। हाल यह हो गया कि स्टेडियम तक, स्टेशन रोड पर विशाल टॉकीज तक और डिग्री कॉलेज मार्ग पर नई बस्ती चौराहे तक जाम लग गया। करीब एक घंटे बाद किसी वाहन का सायरन बजने पर किसी अधिकारी के आने की हड़बड़ाहट में दो-तीन पुलिसकर्मी थाने से बाहर निकले। इसके बाद जाम खुलवाया गया। करीब ढाई बजे जाम खुल सका।
थाने के गेट पर पुलिसकर्मी नहीं करते ड्यूटी
सुनगढ़ी थाने के बाहर दोपहर में जाम अब रोजाना की बात होने लगी है। सड़कों पर अतिक्रमण भी हैं। फड़ व ठेले वालों ने अधिकांश जगह घेर ली है। फिर चार पहिया वाहन हो या ई-रिक्शा, एंबुलेंस सभी इसी सड़क से होकर गुजरते हैं। ऐसे में जहां एक-दो कारें आमने-सामने आई नहीं कि जाम लग जाता है। ट्रैफिक कर्मी या थाने का सिपाही या गार्ड भी बाहर ड्यूटी नहीं करता जिससे कि समस्या और विकराल हो जाती है।

शहर के थाना सुनगढ़ी के पास लगे जाम में फंसे वाहन । संवाद

शहर के थाना सुनगढ़ी के पास लगे जाम में फंसे वाहन । संवाद