Bareilly News: 80 फीसदी क्रय केंद्र पर जियो टैगिंग पूरी, निगरानी टीमें गठित
शाहजहांपुर। एक को रविवार और दो को महात्मा गांधी जयंती होने के कारण इस बार धान खरीद की शुरूआत तीन अक्तूबर से होगी। प्रशासन की तरफ से धान खरीद की तैयारियां जोरों पर चल रहीं हैं। करीब 80 फीसदी धान क्रय केंद्रों की जियो टैगिंग पूरी हो चुकी है। निगरानी के लिए संबंधित क्षेत्र के एसडीएम के नेतृत्व में टीमें गठित कर दी गईं हैं। जिला स्तरीय सुपर नोडल अधिकारियों की टीम क्रय केंद्रों पर छापामार कार्रवाई करेंगी।
पिछले वर्ष जिले में 193 क्रय केंद्र बनाए गए थे, जबकि इस बार 202 हैं। क्रय केंद्रों पर प्रभारियों की नियुक्ति हो चुकी है। प्रत्येक क्रय केंद्र पर एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जा रही है, जो कि लेखपाल स्तर के होंगे। साथ ही जिला स्तरीय सुपर नोडल टीम का गठन किया जा रहा है। ये टीमें सप्ताह में कम से कम चार बार किसी भी क्रय केंद्र पर छापामार कार्रवाई करेंगी। धान खरीद के लिए करीब 4500 से अधिक किसानों का पंजीकरण हो चुका है।
जियो टैगिंग से क्रय केंद्र की ली जाएगी लोकेशन
डिप्टी आरएमओ राकेश कुमार पांडेय ने बताया कि टैगिंग के माध्यम से क्रय केंद्र की लोकेशन ली जाएगी। इससे शासन से लेकर जिला स्तर तक किसी भी अधिकारी को केंद्र तक पहुंचने में दिक्कत नहीं होगी। साथ ही ई-पॉश मशीन को भी जियो टैगिंग से जोड़ा गया है। केंद्र के बाहर होते ही ई-पॉश मशीन काम करना बंद कर देगी। कोई भी व्यक्ति ई-पॉश मशीन को केंद्र से बाहर नहीं ले जा सकता है। इसमें एप का इस्तेमाल भी किया जाएगा। करीब 202 क्रय केंद्रों में 150 पर जियो टैगिंग का काम पूरा हो चुका है। खरीद करने वाली 90 राइस मिल और पांच एफसीआई गोदामों पर भी जियो टैगिंग का काम पूरा कर लिया गया है।
निगरानी टीमें गठित कर दी गईं हैं। दो दिन का सार्वजनिक अवकाश होने की वजह से तीन अक्तूबर से धान खरीद शुरू होगी। धान खरीद की तैयारी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। – संजय कुमार पांडेय, एडीएम प्रशासन व जिला खरीद अधिकारी



