Bareilly News: परेशानी… अब बरेली कॉलेज में जल निगम ने शुरू की खोदाई
बरेली। सीवर लाइन बिछाने का कार्य अब जल निगम ने बरेली कॉलेज में शुरू कर दिया है। करीब 50 से ज्यादा शौचालय सीवर लाइन से जुड़ेंगे। कालीबाड़ी गेट की ओर से कॉलेज के अंदर खोदाई शुरू हो गई है। जेसीबी, ट्रैक्टर के आवागमन से विद्यार्थियों की आवाजाही प्रभावित रही।
चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे के मुताबिक करीब सालभर से जल निगम के अफसर संबंधित कार्य के लिए प्राचार्य से संपर्क कर रहे थे, मगर पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका के चलते अनुमति नहीं दी जा रही थी। पिछले दिनों शासन की ओर से अनिवार्य रूप से सीवर लाइन बिछाने को कहा गया।
जल निगम के अफसरों से जानकारी मिलने पर उन्हें सभी शौचालय को सीवर लाइन से जोड़ने का मैप दिया गया। इसमें पूर्वी गेट से पश्चिमी गेट तक क्रॉस लाइन और कुछ अन्य क्रॉस लाइन के जरिये सभी शौचालयों को जोड़ा जाएगा। जो सड़कें खोदी जाएंगी, उनकी तत्काल मरम्मत कराने की शर्त पर अनुमति दी गई है।
कॉलेज के आवासों में पानी आपूर्ति बाधित
परिसर में खोदाई शुरू होने से जगह-जगह पानी की पाइप लाइन ध्वस्त हो रही है। बृहस्पतिवार को जलापूर्ति प्रभावित रही। शुक्रवार को भी यही स्थिति रही। आवासों में रहने वाले नलों से या पानी के केन मंगा रहे हैं। यह स्थिति तब है, जब शर्त थी कि बगैर तोड़फोड़ के कार्य होगा।
करीब दो माह तक प्रभावित रहेगी आवाजाही
कॉलेज प्रशासन के मुताबिक सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कों की गहरी खोदाई चल रही है। किसी विद्यार्थी को कोई परेशानी न हो इसके लिए निर्माणदायी संस्था के कर्मचारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। क्रॉस लाइन बिछाने, सभी शौचालयों को जोड़ने, फिर खोदे गए गड्ढे को पाटने और सीमेंटेड सड़क बनाने आदि में करीब दो माह का समय लगने का अनुमान है।



