Pilibhit News: शादी से मुकरने पर युवती ने प्रेमी के खिलाफ लिखाई दुष्कर्म की रिपोर्ट
– बदसलूकी करने पर प्रेमी के माता-पिता को भी कराया नामजद
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की युवती ने निकाह करने से इन्कार करने पर प्रेमी और उसके माता-पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सोमवार को दर्ज कराई गई रिपोर्ट में युवती ने आरोप लगाया कि चिड़ियादाह के रहने वाला अजीज का उसके घर आना-जाना था। एक दिन वह घर में अकेली थी, इसका फायदा उठाकर अजीज ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती ने बताया कि जब वह तहरीर देने जा रही थी तो अजीज ने यह कहकर रोक दिया कि वह उससे निकाह कर लेगा। युवती ने बताया जब वह दिल्ली में थी तो मजदूरी कर उसने अजीज को रुपये भेजे थे। 24 अप्रैल को वह रिश्ता लेकर अजीज के घर पहुंची तो उसने निकाह करने से साफ इन्कार कर दिया।
उसकी मां कुरैशा और पिता रफीक ने भी उससे अभद्रता की। इस पर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। सेहत में सुधार होने के बाद सोमवार को युवती ने प्रेमी और उसके माता-पिता के खिलाफ तहरीर दी।