पीलीभीत

Pilibhit News: वकील की हत्या की जांच अब सेहरामऊ उत्तरी पुलिस करेगी

Connect News 24

पूरनपुर। वकील की पिटाई कर अधमरा करने और इलाज के दौरान उनकी 18वें दिन मौत होने के मामले में पुलिस जांच में घटना स्थल सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र का निकला है। कोतवाली पुलिस ने वकील को मारपीट कर अधमरा करने की दर्ज रिपोर्ट को विवेचना के लिए सेहरामऊ उत्तरी थाना भेज दिया है।

घटना 13 सितंबर को दोपहर दो बजे की है। गांव बंजरिया के वकील अमित मिश्रा बाइक से इंजन का सामान लेने जा रहे थे। उनके साथ गांव के अवनीश भी थे। रास्ते में प्रधानी के चुनाव की रंजिश में अमित को हमलाकर मरणासन्न कर दिया गया। वह सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में एक स्थान पर बेहोशी की हालत में पड़े मिले थे। अमित को इलाज के लिए बरेली ले जाया गया, जहां 30 सितंबर को उनकी मौत हो गई थी।

अमित के भाई राकेश मिश्रा का आरोप है कि प्रधानी चुनाव की रंजिश में रास्ते में मिले प्रधान गुरदेव सिंह ने अपने साथियों के साथ अमित मिश्रा की बाइक को रोककर उन्हें गालियां देनी शुरू कर दीं थीं। विरोध करने पर लाठी, डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। कोतवाली पुलिस ने अमित की मौत के बाद राकेश मिश्रा की ओर से गांव कीरतपुर निवासी प्रधान गुरदेव सिंह, उनके भाई रघुवीर सिंह, गांव निवासी जसवीर सिंह उर्फ डीसी के खिलाफ मारपीट कर अधमरा करने, धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की थी।

इंस्पेक्टर जगत सिंह ने बताया कि जांच में घटनास्थल सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र का मिला। इस पर दर्ज रिपोर्ट को विवेचना के लिए सेहरामऊ उत्तरी थाने को भेजा गया है। सेहरामऊ उत्तरी के इंस्पेक्टर मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि थाने पर अभी एफआईआर नहीं पहुंची है। जांच के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button