Pilibhit News: हाथी के हमले में घायल ग्रामीण की मौत से परिजनों में गुस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Wed, 04 Oct 2023 12:23 AM IST
पूरनपुर। हाथियों के हमले में घायल गांव टांडा छत्रपति निवासी बाबूलाल की इलाज के दौरान मौत से परिजन बेहद गुस्से में हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से मुआवजा मांगा है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव मूसेपुर में 27 सितंबर को नेपाली हाथियों ने खेत से लौट रहे बाबूलाल, रमेश और सुरेंद्र पर हमला कर दिया था। रमेश की मौके पर मौत हो गई थी। घायल सुरेंद्र और बाबूलाल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। हालत में सुधार न होने पर बाबूलाल के परिजन उन्हें इलाज के लिए बरेली ले गए थे। इलाज के दौरान सोमवार को बाबूलाल की बरेली में मौत हो गई थी।
उसका शव देररात घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। परिजनों में अब तक मुआवजा न मिलने से गुस्सा है। कोतवाल जगत सिंह ने बताया कि बाबूलाल कोतवाली क्षेत्र के गांव टांडा छत्रपति के रहने वाले थे। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। इस पर बाबूलाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।