Bareilly News: प्लाईवुड फैक्टरी पर एसआईबी का छापा, कर चोरी की आशंका
बरेली। कर चोरी की आशंका में बृहस्पतिवार को जीएसटी की एसआईबी टीम ने परसाखेड़ा औद्योगिक आस्थान स्थित प्लाईवुड फैक्टरी (नेमानी पैनल्स प्राइवेट लिमिटेड) पर छापा मारा। जांच देर रात तक जारी रही। अफसरों ने जांच पूरी होने तक कोई भी जानकारी देने से इन्कार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक दोपहर एक बजे एसआईबी टीम दो गाड़ियों से प्लाईवुड फैक्टरी पहुंची। पहुंचते ही फैक्टरी के सभी गेट बंद करा दिए। सभी के फोन बंद करा दिए। किसी के भी बाहर निकलने या बाहर से अंदर प्रवेश करने पर रोक लगा दी। बताया जा रहा है कि गुप्त शिकायत पर ज्वाइंट कमिश्नर के नेतृत्व में टीम छापा के लिए पहुंची। इससे औद्योगिक आस्थान में अफरा-तफरी का माहौल रहा। छापा की सूचना पर अन्य फैक्टरियों के गेट भी बंद हो गए।
फैक्टरी में पहुंचने के बाद अफसरों ने दस्तावेजों का मिलान शुरू किया। कंप्यूटर को जब्त कर फाइलें खंगालीं। फैक्टरी के अधिकारियों-कर्मचारियों से भी पूछताछ की। बताया जाता है कि रात करीब 12 बजे तक एसआईबी टीम की कार्रवाई जारी रही।
जीएसटी एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 ओपी चौबे के मुताबिक एसआईबी की टीम फैक्टरी में जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। लिहाजा, बगैर रिपोर्ट देखे कोई जानकारी देना संभव नहीं है। शुक्रवार को जांच पूरी होने के बाद ही कोई जानकारी दी जा सकती है।


