Bareilly News: वृद्ध ने मासूम से किया दुष्कर्म, पुलिस ने की धाराओं से छेड़खानी
फरीदपुर। टॉफी दिलाने का लालच देकर वृद्ध ने पांच साल की मासूम के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां तहरीर लेकर थाने पहुंची तो वहां पुलिस ने धाराओं में खेल कर दुष्कर्म के बजाय छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया। महिला सिपाही पर रिश्वत मांगने का भी आरोप है।
कस्बे के एक मोहल्ले की रहने वाली पांच साल की बच्ची बृहस्पतिवार दोपहर घर के बाहर गली में खेल रही थी। घर के सामने रहने वाला 60 वर्षीय शेर मोहम्मद टॉफी दिलाने का लालच देकर उसे अपने घर ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। काफी देर बाद भी जब बच्ची घर नहीं पहुंची तो उसकी तलाश शुरू की गई।
बच्ची को खोजते हुए मां सामने वाले घर में पहुंची तो आरोपी फरार हो गया। खून से लथपथ बच्ची को लेकर मां थाने पहुंची और तहरीर दी। इंस्पेक्टर दयाशंकर ने बताया कि तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज की गई है। अगर महिला ने दूसरी तहरीर दी है तो उसे भी दिखवाया जाएगा।
पीड़िता की मां ने थाने में तैनात महिला सिपाही पर रिपोर्ट दर्ज करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। महिला ने बताया कि सिपाही ने उससे कहा कि 200 रुपये दो। अभी टीम भेजकर आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे। उसने रुपये न होने की बात कही तो वह टरकाने लगी।
प्रकरण संज्ञान में है। बच्ची की मां ने महिला कांस्टेबल पर रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है। उसकी भी जांच कराई जाएगी। बच्ची के बयान के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। – गौरव सिंह, सीओ फरीदपुर


