रामपुर

Rampur News: प्रधानाध्यापिका निलंबित, छह शिक्षकों का वेतन रोका

Connect News 24

रामपुर। खंड शिक्षा अधिकारी स्वार विजय कुमार ने बुधवार को कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित मिलने पर एक प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया। वहीं शिक्षण कार्य में लापरवाही मिलने पर छह शिक्षकों का एक माह का वेतन रोक दिया। वहीं अनुपस्थित मिले तीन शिक्षामित्रों और एक अनुदेशक का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी ने लखीमपुर के प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। वहां बच्चों का शैक्षिक स्तर काफी निम्न मिला। बच्चे कई सवालों के जवाब नहीं दे पाए। वहीं प्रधानाध्यापिका आसिया गुल अनुपस्थित मिलीं। इस पर उन्हें निलंबित कर दिया गया।

इसके अलावा शैक्षिक स्तर निम्न मिलने पर मझरा खपरैल के प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज अध्यापक प्रदीप कुमार और सहायक अध्यापक भरत कुमार का अक्टूबर माह का वेतन रोकने की संस्तुति कर दी गई। इसके अलावा खेमवाला के प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में इंचार्ज अध्यापक महक सिंह, फाजलपुर प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज अध्यापक अंचित त्यागी, मटखुन्ना के इंचार्ज अध्यापक विजय पाल व सहायक अध्यापक कमल सिंह का भी एक माह का वेतन रोक दिया गया।

इसके अलावा शिक्षामित्र इदरीस अहमद, लाड़पुर के प्राथमिक विद्यालय के शिक्षामित्र शरीफ अहमद और सहरिया लक्खा के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र फिरोज जहां और कंपोजिट विद्यालय धनुपुरा में अनुदेशक प्रेमलता के अनुपस्थित मिलने पर उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसके अलावा छितरिया जागीर के प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में लापरवाही बरतने पर अध्यापिका आयुषि पूठिया और वैशाली यादव को शिक्षण कार्य में सुधार लाने की चेतावनी दी। बीईओ ने बताया कि नियमित निरीक्षण किया जाएगा। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button