Budaun News: नवरात्र 15 अक्तूबर से, माता की भक्ति का दिखने लगा रंग

ज्योतिषाचार्य राजेश कुमार शर्मा।
बदायूं। इस साल शारदीय नवरात्र की शुरुआत 15 अक्तूबर से हो रही है। ऐसे में लोगों में माता की भक्ति का रंग दिखाई देने लगा है तो बाजार भी इससे गुलजार होने लगे हैं। मंदिरों में भी इसको लेकर तैयारी की जाने लगी है।
नवरात्र के नौ दिनों शक्ति की देवी मां जगदंबा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है और दसवें दिन दशहरा मनाया जाता है। वैसे तो नवरात्र वर्ष में चार बार आती है लेकिन बड़े पैमाने पर सिर्फ दो नवरात्र चैत्र और शारदीय ही मनाई जाती है। शारदीय नवरात्र के पहले दिन घटस्थापना की जाती है। भक्त मां की भक्ति के लिए पूरे नौ दिनों का उपवास करते हैं और भक्तिभाव से मां की आराधना करते हैं। देवी मां के भक्तों में इसे लेकर काफी उत्साह रहता है।
इसके साथ बाजार में भी भक्ति का माहौल दिखने लगा है। दुकानों पर माता की चुनरी से लेकर शृंगार का सामान, पूजन सामग्री से लेकर व्रत का सामान बिकना शुरू हो गया है।
शहर के बड़ा बाजार, पुराना बाजार, टिकट गंज, सिविल लाइंस, ओवरब्रिज के नीचे आदि स्थानों पर देवी भक्त खरीदारी में शुक्रवार को जुटे रहे। किराना व्यापारी दीपू ने बताया कि शुक्रवार को बाजार में खासी भीड़ रही, लेकिन शनिवार को और ज्यादा ग्राहक जुटने का अनुमान है। इधर, शहर के बिरुआबाड़ी मंदिर, हरप्रसाद मंदिर, नगला मंदिर आदि मंदिरों पर नवरात्र की तैयारी की जारी की जाने लगी है। हर बार की तरह इस बार भी नगला मंदिर पर मेला लगाया जाएगा।
ज्योतिषाचार्य राजेश कुमार शर्मा के अनुसार, इस साल शारदीय नवरात्र रविवार से शुरू होकर 23 अक्तूबर को समाप्त होंगे। इस बार पंचांग के अनुसार शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 14 अक्तूबर को रात 11.24 मिनट पर शुरू होगी और 15 अक्तूबर को रात्रि 12:34 मिनट पर समाप्त होगी। कलश स्थापना मुहूर्त रविवार सुबह 11:44 बजे से दोपहर 12:30 तक रहेगा।

ज्योतिषाचार्य राजेश कुमार शर्मा।

ज्योतिषाचार्य राजेश कुमार शर्मा।