Pilibhit News: चौकी इंचार्ज और सिपाही निलंबित
पीलीभीत। चरस और स्मैक की बिक्री करने वाली महिलाओं ने पिछले दिनों गिरफ्तारी के दौरान ठेका चौकी इंचार्ज व एक सिपाही पर हर माह वसूली करने का आरोप लगाया था। सीओ सिटी की रिपोर्ट में आरोप सही मिलने पर एसपी ने चौकी प्रभारी व सिपाही को निलंबित कर दिया है।
पिछले काफी समय से सीओ सिटी अंशु जैन को सूचना मिल रही थी कि कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देश नगर में कब्रिस्तान के पीछे दो महिलाएं मादक पदार्थों की तस्करी कर रही हैं। सूचना पर सीओ सिटी और कोतवाली पुलिस ने छापा मारकर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया।
तलाशी लेने पर उनके पास से 7.58 ग्राम स्मैक और 110 ग्राम चरस बरामद हुई। महिलाओं ने अपना नाम हाजरा पत्नी गुड्डू निवासी नौगवा पकड़िया और फातिमा पत्नी अकील निवासी देशनगर गौडी बताया। पूछताछ में सीओ सिटी को पता चला कि पिछले काफी समय से महिलाएं खुलेआम मादक पदार्थों की बिक्री कर रही थीं। इसके बदले वह ठेका चौकी प्रभारी और एक कांस्टेबल को सुविधा शुल्क दे रहीं थीं।
सीओ सिटी ने इसकी रिपोर्ट एसपी को सौंपी। एसपी ने मामले की गंभीरता से लेते हुए ठेका चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार राठी और सिपाही मोहित गुर्जर को निलंबित कर दिया है। एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि अवैध वसूली के शिकायत पर दोनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अन्य कार्रवाई की जाएगी। संवाद



