Pilibhit News: आकर्षक झांकियों और बैंडबाजों के साथ धूमधाम से निकली रामबरात

बीसलपुर मे निकाली गई राम बारात में शमिल झांकी । संवाद
बीसलपुर। रामलीला मेले के अंतर्गत सोमवार की शाम मेला परिसर में राम विवाह लीला का मंचन हुआ। उसके बाद नगर में श्रीराम बरात निकाली गई।
लीला स्थल पर भगवान श्रीराम और सीता के विवाह की लीला का मंचन हुआ। लीला का संचालन मेला कमेटी के लीला प्रबंधक गोपाल कृष्ण अग्रवाल और मनोज त्रिपाठी ने किया। इसके बाद मेला मैदान से भगवान श्रीराम की बरात धूमधाम से निकाली गई। ठेलों, खुली जीपों पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन के स्वरूप आकर्षक ढंग से सजाए गए थे। बैंडबाजों के साथ निकाली गई शोभायात्रा का रास्ते में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने रास्ते में शोभायात्रा रोककर भगवान श्रीराम के स्वरूप की पूजा अर्चना की।
शोभायात्रा में दुर्गा देवी, भारत माता समेत कई झांकियां शामिल रहीं। प्रमुख मार्गों से गुजरने के बाद शोभायात्रा देर रात मेला मैदान पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में मेला कमेटी के अध्यक्ष गंगाधर दुबे, मंत्री महेश चंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष विष्णु गोयल, प्रबंधक सुरेश अग्रवाल, लीला प्रबंधक गोपाल कृष्ण अग्रवाल आदि पदाधिकारी शामिल रहे।
कलीनगर में भी निकाली गई श्रीरामबरात
कलीनगर। कस्बे के ठाकुरद्वारा मंदिर से सोमवार को निकली श्रीराम बरात का चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश ने शुभारंभ किया। मुख्य चौराहा, बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होते हुई यात्रा यहां पहुंची। यहां परंपरागत ढंग से बरात का स्वागत हुआ। बरात में राम, लक्ष्मण और सीता के अलावा भगवान शंकर, गणेश, हनुमान सहित कई देवी- देवताओं की झांकियां शामिल थीं। देर शाम तक भ्रमण के बाद मंदिर पहुंचकर बारात का समापन हुआ। संवाद

बीसलपुर मे निकाली गई राम बारात में शमिल झांकी । संवाद