Pilibhit: माधोटांडा में आबादी के निकट पहुंची बाघिन, गांव में फैली दहशत, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

बाघिन को जाल में कैद करती वन विभाग की टीम
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पीलीभीत के माधोटांडा क्षेत्र के जमुनिया गांव में मंगलवार को आबादी के निकट गन्ने के खेत में बाघिन पहुंच गई। खेत में बाघिन की मौजूदगी से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने डेढ़ घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाघिन को पकड़ लिया। बाघिन को ट्रेंकुलाइज करने के लिए चार डॉट मारनी पड़ी। बाघिन को पिंजरे में बंदकर रेस्क्यू वाहन से माला गेस्ट हाउस ले जाया गया।
माधोटांडा क्षेत्र में तीन माह पूर्व से मथना जपती, रानीगंज, बासखेड़ा के अलावा जमुनिया क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी देखी जा रही थी। इस दौरान बाघ हमले में तीन किसान की मौत भी हुई। दस दिन पूर्व बासखेड़ा गांव में डेरा जमाए बैठे बाघ को पकड़ने के दो बार ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन बाघ पकड़ में नहीं आ सका था। तीन दिन से एक बाघिन की मौजूदगी गांव जमुनिया के आसपास देखी जा रही थी।
ये भी पढ़ें- पांच साल की बच्ची से दरिंदगी: मासूम को टॉफी दिलाने के बहाने ले गया पड़ोसी युवक, खंडहर में किया दुष्कर्म
मंगलवार सुबह आबादी के निकट गांव निवासी रामपाल के गन्ने के खेत में बाघिन की मौजूदगी देखी गई। इससे दहशत के साथ ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। जानकारी के बाद क्षेत्रीय वनकर्मी निगरानी के लिए मौके पर पहुंचे। बाघिन की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद करीब ढाई बजे सामाजिक वानिकी डीएफओ संजीव कुमार मौके पर पहुंचे। जाल लगाकर गन्ने की खेत की घेराबंदी की गई।