Rampur News: कोर्ट नहीं पहुंची जयाप्रदा, गैर जमानती वारंट जारी
रामपुर।
आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में सोमवार को भी पूर्व सांसद जयाप्रदा कोर्ट नहीं पहुंचीं। जिस पर कोर्ट ने उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। अब इस मामले की सुनवाई 21 अक्तूबर को होगी।
स्वार कोतवाली में 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान पूर्व सांसद जयाप्रदा के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था। यह मामला एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट ट्रायल कोर्ट में विचाराधीन है। मामले में अभियोजन की गवाही पूरी हो चुकी है और पूर्व सांसद जयाप्रदा को बयान दर्ज कराने हैं, लेकिन वह बयान दर्ज कराने कोर्ट नहीं पहुंच रही हैं।
सोमवार को भी उन्हें कोर्ट में पेश होना था, लेकिन वह नहीं पहुंची। जिस पर कोर्ट ने पूर्व सांसद के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करते हुए सुनवाई के लिए 21 अक्तूबर की तारीख निर्धारित की। वहीं दूसरी ओर पूर्व सांसद के खिलाफ केमरी थाने में दर्ज मामले में गवाह दरोगा संजय गिरी कोर्ट पहुंचे और बयान दर्ज कराए। अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि गवाह से जिरह की गई, जो पूरी हो गई। अब इस मामले की सुनवाई 26 अक्तूबर को होगी।