Bareilly News: दिवाली से पहले पेट, दो दिन रोडवेज की अग्नि परीक्षा
बरेली। दिवाली, भैयादूज और छठ पूजा से पहले 28 और 29 अक्तूबर को रोडवेज की अग्नि परीक्षा होगी। इस दौरान रीजन की बसों पर 1.45 लाख से ज्यादा यात्रियों का अतिरिक्त दबाव होगा। मुख्यालय स्तर से निर्देश मिलने के बाद रोडवेज ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। ज्यादा से ज्यादा बसों को 27 अक्तूबर तक ऑन रोड लाने की कवायद चल रही है।
दरअसल, 28 और 29 अक्तूबर को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पेट) परीक्षा होनी है। जिले के 37 केंद्रों पर 65,280 अभ्यर्थियों को शामिल होना है। बदायूं में दूसरे जिलों से 32,928 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे। बदायूं, बरेली और पीलीभीत से 1.27 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देने दूसरे जिलों में जाएंगे। शाहजहांपुर से भी 18,063 परीक्षा देने मुरादाबाद जाएंगे। दो दिन दो-दो पालियों में होने वाली परीक्षा के दौरान रोडवेज बसों के साथ ट्रेनों में भी अतिरिक्त भीड़ होगी। रोडवेज के सामने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की चुनौती होगी। ऐसे में दिवाली से ऐन पहले रोडवेज को दो दिन अग्नि परीक्षा से गुजरना होगा।
पेट को लेकर मुख्यालय से मिले निर्देशों के बाद रीजन स्तर पर चार नोडल अधिकारी नामित किए हैं। एआरएम रुहेलखंड डिपो अरुण कुमार वाजपेयी, एआरएम बरेली डिपो संजीव कुमार श्रीवास्ताव, एआरएम बदायूं धरणेंद्र कुमार चौबे और एआरएम पीलीभीत डिपो पवन श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
पेट के दौरान बसों पर यात्रियों के दबाव को देखते हुए रोडवेज ने 28 और 29 अक्तूबर को रीजन में 160 अतिरिक्त बसों को लगाया गया है। सबसे ज्यादा दबाव बरेली-मुरादाबाद रोड पर होगा। बरेली से 30,266 व शाहजहांपुर से 18,063 अभ्यर्थी मुरादाबाद जाएंगे। पीलीभीत से 14,545 और बदायूं से 17,085 अभ्यर्थी परीक्षा देने मुरादाबाद जाएंगे। परीक्षा को देखते हुए दो दिन सभी चालक-परिचालकों की छुट्टी भी रद्द कर दी गई है।
बरेली में आने वाले अभ्यर्थी
सीतापुर- 22,920
लखीमपुरखीरी-33,230
लखनऊ-8,415
बदायूं में आने वाले अभ्यर्थी
कासगंज- 9,232
हरदोई- 15,999
फर्रुखाबाद- 7,314
जाने वाले अभ्यर्थी
बरेली से मुरादाबाद- 30,266
बदायूं से मेरठ- 652
बदायूं से मुरादाबाद- 17,085
पीलीभीत से मुरादाबाद- 14,545
शाहजहांपुर से मुरादाबाद- 18,063
परीक्षा के मद्देनजर नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। अतिरिक्त बसों को लगाया जाएगा। परीक्षार्थियों को किसी रूट पर समस्या नहीं होने दी जाएगी। पहले से सभी तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। – दीपक चौधरी, आरएम



