Pilibhit News: ससुराल जाने से पहले दुल्हन ने डाला वोट
पीलीभीत। नगर पंचायत कलीनगर की वार्ड नंबर चार निवासी सरिता की बुधवार रात मझोला के पोलीगंज से शादी हुई। बृहस्पतिवार को विदाई होनी थी। सरिता ने मतदान की अहमियत को गंभीरता से लिया। ससुराल विदा होने से पूर्व बृहस्पतिवार सुबह सरिता ने कलीनगर के प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में जाकर मतदान किया। मतदान कर सरिता काफी उत्साहित दिखीं। इसके बाद परिजनों ने खुशी-खुशी सरिता को विदाई दी। विदाई से पहले पंचायत के चुनाव में उनकी मतदान में भागीदारी चर्चा का विषय बनी रही।
वहीं बीती रात कस्बा मझोला के वार्ड नंबर 2 के निवासी दायरेंद कुमार की शादी मझोला के रहने वाली निशा के साथ हुई। विवाहित जोड़ा सुबह नेहरू इंटर कॉलेज में वोट डालने पहुंचा। दूल्हा-दुल्हन के मतदान केंद्र पहुंचने पर सबने उन्हें बधाई दी। संवाद