Rampur News: डेंगू से आंगनबाड़ी वर्कर समेत दो की मौत
रामपुर। शनिवार को डेंगू से आंगनबाड़ी वर्कर सहित दो लोगों की मौत हो गई। अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव बहादुर गंज निवासी सबाना (45) पत्नी जमील मास्टर को पांच दिन पहले बुखार आया था। जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि होने पर सबाना को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह में उसकी मौत हो गई।
दूसरी ओर गांव मिश्रीनगर निवासी नबाब की पत्नी कल्लो (55) की भी डेंगू से मौत हो गई। उनको 10 दिन पहले बुखार आया था। निजी लैब में जांच कराने पर डेंगू की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद परिजन शहर के एक निजी अस्पताल में कल्लो का इलाज करा रहे थे। यहां शनिवार को कल्लो की मौत हो गई। क्षेत्र में डेंगू से अब तक 20 के करीब मौतें हो चुकी हैं।
वहीं शनिवार को जिले भर में डेंगू के 19 रोगी मिले हैं। इनमें शहरी क्षेत्र में सात लोगों की रिपोर्ट डेंगू पॉजीटिव आई है। चमरौआ में छह, सैदनगर में तीन और स्वार में तीन रोगी डेंगू के संक्रमित मिले हैं। इन सभी का घर पर उपचार चल रहा है। जिले में अब डेंगू संक्रमितों की संख्या 618 पहुंंच चुकी है। स्वास्थ्य विभाग डेंगू को रोकने में बेबस नजर आ रहा है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. केके चहल ने बताया कि डेंगू संक्रमितों की निगरानी की जा रही है। इनके परिजनों के सैंपल भी जांच को भेजे गए हैं।


