रामपुर

Rampur News: रामपुर में 35 घंटे की कार्रवाई के बाद आयकर टीम वापस लौटी

Connect News 24

रामपुर। सपा नेता आजम खां के करीबी ठेकेदारों से करीब 35 घंटे की पूछताछ व जांच पड़ताल के बाद आयकर विभाग की टीम रामपुर से वापस लौट गई। टीम को एक ठेकेदार के यहां से बीस लाख की ज्वैलरी और 28 हजार रुपये मिला है। टीम यहां से कई ठेकेदारों के यहां से दस्तावेज लेकर रवाना हो गई है। इससे पहले लखनऊ व दिल्ली से भी टीमें यहां पहुंची। साथ ही डाटा रिकवर करने वाली टीम भी यहां पहुंची। शुक्रवार सुबह आठ बजे से शुरू हुई आयकर विभाग की कार्रवाई शनिवार शाम करीब सात बजे तक चली। सपा नेता आजम खां के बाद आयकर विभाग ने उनके करीबी ठेकेदारों पर शिकंजा कसा है। आयकर विभाग के निशाने वे ठेकेदार हैं जिन्होंने सपा शासन में करोड़ों रुपये ठेकेदारी के जरिए कमाए हैं साथ ही उनकी कमाई का कोई हिसाब किताब अभिलेखों में नहीं हैं। जौहर यूनिवर्सिटी हो या फिर रामपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में निर्माण कराए हैं। इसके साथ ही आयकर विभाग की टीम जौहर ट्रस्ट से लेनदेन के मामले की भी जांच कर रही है। लगातार कसते शिकंजे के बीच शुक्रवार को आयकर विभाग की टीमों ने रामपुर और मिलक में ठेकेदारों के यहां पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की थी। उनकी जांच पिछले 35 घंटे की गई। आयकर विभाग के निशाने पर पूर्व सभासद फरहत अली खां भी हैं। उनके यहां टीम ने 35 घंटे जांच की। टीम ने इसके अलावा घेर नज्जू खां में असद ठेकेदार के यहां भी अपनी जांच की। शनिवार की शाम को आयकर विभाग की दिल्ली व लखनऊ से दो टीमें रामपुर पहुंची थी,जहां उन्होंने फरहत अली व असद के यहां पहुंचकर पूछताछ की। 35 घंटे की पूछताछ के बाद टीमें रामपुर से रवाना हो गईं। सूत्रों के मुताबिक पूर्व सभासद फरहत अली खां के यहां से आयकर विभाग को 28 लाख रुपये की ज्वैलरी जबकि 28 हजार रुपये कैश मिले हैं। टीम अपने साथ महत्वपूर्ण अभिलेख लेकर भी गई है।

लखनऊ से पहुंचे ज्वैलर्स,परखी सोने की कीमत

रामपुर। शहर में पूर्व सभासद फरहत अली खां के आवास पर शनिवार को लखनऊ से सोने की कीमत जांचने वाली टीम भी यहां पहुंची। लखनऊ के ज्वैलर्स कन्हैया कुमार अपनी टीम के साथ यहां पहुंचे। उन्होंने यहां दिन भर जांच पड़ताल की।

नोट गिनने की मशीन भी मंगवाई

रामपुर। आयकर विभाग की टीम ने शनिवार को नोट गिनने की मशीन मंगवाई। टीम ने यहां पहुंचकर शहर के कई ठेकेदारों के आवास तक नोट गिनने की मशीन मंगवाई।


आयकर के सवालों से जूझते रहे ठेकेदार

रामपुर। आयकर विभाग की टीम ने ठेकेदारों के सामने सवालों की झड़ी लगा दी। इस दौरान टीम ने ठेकेदारों से जौहर ट्रस्ट को कितना दान दिया साथ ही जौहर यूनिवर्सिटी में कितने काम कराए। कई ठेकेदारों ने ट्रस्ट को दान करने से इंकार कर दिया,जबकि आयकर के अफसरों को ठेकेदार गोलमोल जवाब देते हुए नजर आए।

भाजपा नेता के घर से 2500 रुपये मिले

रामपुर। सूत्रों के मुताबिक मिलक के भाजपा नेता के आवास से 2500 रुपये आयकर विभाग को मिले हैं। इसके साथ ही दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

मोहित सक्सेना


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button