Rampur News: दिल्ली रूट पर 30 और लखनऊ रूट पर चलेंगी 20 बसें
रामपुर। दिवाली और भाईदूज त्योहार के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिल्ली रूट पर प्रतिदिन 30 बसें दौड़ेंगी। बरेली-लखनऊ रूट पर 20 बसों का संचालन होगा। 10 बसें शाहबाद, स्वार, टांडा और बिलासपुर के रूट को कवर करेंगी। वहीं, वर्कशॉप पर बसों की मरम्मत के लिए सभी व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली रूट पर सामान्य दिनों में 20 बसें चलती हैं, लेकिन दिवाली के लिए पांच नवंबर से 30 बसें प्रतिदिन चलेंगी।
त्योहारी सीजन में रोडवेज बस से यात्रा करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर यह स्थिति अधिक खराब रहती है। दिवाली में अभी दो सप्ताह का समय शेष है, लेकिन रोडवेज ने इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिससे यात्रियों को बसों की कमी का सामना न करना पड़े। इसके लिए बसों का रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है। जिसके मुताबिक दिल्ली रूट पर प्रतिदिन 30 बसें चलेंगी। ये बसें इस हिसाब से फेरे लगाएंगी कि बस स्टैंड पर यात्रियों को हर 20 मिनट में दिल्ली के लिए बस मिल सके।
इसके अलावा बरेली और लखनऊ रूट पर 20 बसों का संचालन होगा। लोकल में शाहबाद, स्वार, टांडा, बिलासपुर की ओर प्रतिदिन 10 बसें चक्कर लगाएंगी। इससे यात्रियों को दिवाली और भाई दूज के पर्व पर बसों की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए वर्कशॉप कर्मियों को निर्देशित किया है कि जो भी बसें वर्कशॉप में पहुंचे उन्हें शीघ्र ठीक कर बस स्टैंड पर भेज दें। यदि किसी तरह के पार्ट्स कम हैं तो उनकी सूची क्षेत्रीय कार्यालय भेजकर उन्हें मंगवा लें। पर्व के दौरान कोई भी बस वर्कशॉप में खड़ी न हो। सभी बसों को ऑन रूट रखा जाए। रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दीप चंद जैन ने बताया कि इस बार यात्रियों को दिक्कतें नहीं होंगी। वर्कशॉप पर बसों के मरम्मत आदि का काम तेजी से कराया जा रहा है। सभी बसों को ऑन रूट रखा जाएगा।


