Rampur News: अतिक्रमण हटाने में पालिका का सहयोग करें व्यापारी
रामपुर। बिलासपुर में पालिका अध्यक्ष चित्रक मित्तल ने कहा कि सभी व्यापारी अपना सामान दुकान के सामने नाली के आगे न रखें और अतिक्रमण हटाने में पालिका प्रशासन का सहयोग करें।पालिका अध्यक्ष रविवार शाम नगरपालिका सभागार में नगर के प्रमुख व्यापारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दुकानदार दुकानों के सामने अस्थाई अतिक्रमण न करें। अपना सामान नाली के पीछे दुकान की ओर रखें, ताकि रोड पर निकलने वालों को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। उन्होंने सभी से शासन द्वारा प्रतिबंधित पॉलिथीन की बिक्री व प्रयोग न करने तथा डिस्पोजल, प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री न करने की अपील की। व्यापारियों ने नगरपालिका प्रशासन ने चलाए जा रहे अतिक्रमण अभियान का स्वागत भी किया। पालिका अध्यक्ष ने बताया कि वह सप्ताह में एक दिन पूरे नगर में निर्माण वाहन का भ्रमण कराएंगे। जिसमें लोग अपने घरों व दुकानों की निष्प्रयोज्य धार्मिक सामग्री इधर-उधर न फेंककर निर्माण वाहन में डालेंगे। ताकि नगर पालिका प्रशासन धार्मिक सामग्री का उचित माध्यम से उचित स्थान पर डिस्पोजल कर सके। यह वाहन सप्ताह में एक बार पूरे नगर में घर-घर घूमेगा। अधिशासी अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि सभी व्यापारी नगर को साफ सुथरा बनाने में पालिका प्रशासन का सहयोग करें। बैठक में सभी व्यापारियों ने अपना सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष धन्नूमल बंसल, सुदर्शन मदान, हाफिज ताहिर, शिशुपाल सिंह, सतपाल जिंदल, सतपाल अरोड़ा, जयदीप गुप्ता, सुनील कुमार, गिरीश अहूजा, भीम सिंह यादव, बंटी अग्रवाल, त्रिलोक चंद्र अग्रवाल, संदेश जैन मौजूद रहे। संचालन वरिष्ठ लेखाकार प्रदीप सक्सेना ने किया।


