Bareilly News: सुहागिनों में सजने की होड़, बाजार पर बरसे 45 करोड़
बरेली। सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु की कामना से बुधवार को करवाचौथ का व्रत धारण करेंगी। इससे पहले मंगलवार को बाजार में देर रात तक वे खरीदारी में व्यस्त रहीं। सजने की होड़ में बाजार पर 45 करोड़ रुपये बरसने का अनुमान है। सोने व हीरे के आभूषणों की सर्वाधिक बिक्री हुई। साड़ियां, लहंगे, सौंदर्य प्रसाधन, पूजन सामग्री, गैजेट्स व अन्य गिफ्ट आइटम की भी खूब बिक्री हुई।
करवाचौथ की पूर्व संध्या पर पूरे शहर में शाम चार बजे से ही जलेबी और इमरती की दुकानें सजने लगी थीं। परंपरानुसार व्रत धारण करने से पहले सुहागिन इन्हीं खाद्य पदार्थ का सेवन करती हैं। लिहाजा, खरीदारी के लिए देर रात तक इन दुकानों पर कतार लगी रही। इससे पहले दिन में महिलाओं ने साड़ियां, लहंगे, आभूषण, चूड़ी, कंगन, पूजन सामग्री, मिट्टी के करवे खरीदे। ब्यूटी पार्लर पूरे दिन ठसाठस भरे रहे। नावल्टी चौराहा, चौकी चौराहा, राजेंद्रनगर, सुभाषनगर समेत अन्य इलाकों में मिठाई की दुकानों पर इमरती, जलेबी के विशेष स्टाल लगे रहे।
जलेबी की मिठास में घुली महंगाई
मिठाई की दुकानों पर जलेबी और इमरती की मिठास में महंगाई का रंग भी घुला रहा। सामान्य दिनों में 100-125 रुपये किलो बिकने वाली जलेबी के दाम मंगलवार को 200 रुपये किलो तक जा पहुंचे। वहीं, देसी घी में छनी जलेबी की कीमत 250-300 रुपये किलो तक रही। इस पर ग्राहकों ने आपत्ति भी जताई पर मान्यता के चलते खरीदारी की।
खूब बिकीं आर्केंजा, सिल्क की साड़ियां
आर्केंजा और सिल्क की डिजाइनर साड़ियों की खूब बिक्री हुई। महिलाओं ने बनारसी साड़ियों की भी खरीदारी की। एक हजार से लेकर दस हजार रुपये कीमत तक की साड़ियों की सेल 95 फीसदी से अधिक रही। जरी साड़ियों की भी मांग रही पर महंगी होने से कुछ महिलाएं ही साथ ले जा सकीं।
डायमंड रिंग व सोने की चेन भी खूब बिकी
करवाचौथ के लिए बाजार में हीरे की अंगूठी और सोने की चेन के साथ अन्य हल्की ज्वेलरी की मांग ज्यादा रही। माॅडर्न ज्वेलर्स के संचालक सुबोध गुप्ता के मुताबिक बीते साल के सापेक्ष इस बार सराफा बाजार में रौनक ज्यादा रही, क्योंकि सोना और हीरा निवेश का भी बेहतर विकल्प है।
कहां कितना हुआ कारोबार
– 10 करोड़ साड़ी
– 30 करोड़ ज्वेलरी
– 05 करोड़ फुटकर सामग्री (चूड़ी, कंगन, आलता, सिंदूर, पूजन सामग्री, फल-फूल आदि)
इस बार बेहतर रहा कारोबार
करवाचौथ पर पति आकर्षक उपहार भी भेंट करते हैं। सोने की चेन, ईयर रिंग, डायमंड रिंग आदि हल्की ज्वेलरी की मांग ज्यादा रही। – सुबोध गुप्ता, माॅडर्न ज्वेलर्स
आर्केंजा और सिल्क समेत अलग-अलग रेंज की साड़ियाें की मांग रही। बनारसी साड़ियों की भी मांग रही। कारोबार दस फीसदी ज्यादा रहा। – जीतेश गुप्ता, साड़ी संसार
दो दिन पहले से ही पूजन सामग्री समेत कॉस्मेटिक की खरीदारी के लिए महिलाएं पहुंचती रहीं। मंगलवार को देर रात तक तक कतार लगी रही। – जीशान, कॉस्मेटिक कारोबारी
मेकअप के लिए सोमवार से ही कतार लगने लगी थी। ज्यादातर महिलाओं ने पांच से दस हजार रुपये का पैकेज चुना। मेहंदी और हेड मसाज निशुल्क रहा। – गुंजन, गुंजन गीतांजलि स्टूडियो


