Bareilly News: 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू होने से बढ़ा आत्मविश्वास
बरेली। शहर के एक होटल में मंगलवार को भाजपा ने नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का आयोजन किया। मुख्य अतिथि दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू होने से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है।
मुख्य वक्ता राज्यमंत्री संजय गंगवार ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं की न सिर्फ राजनीतिक भागीदारी में इजाफा होगा, बल्कि महिलाओं का सामाजिक स्तर मजबूत होने के साथ ही आत्मविश्वास बढ़ेगा। मेयर उमेश गौतम ने कहा कि सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, महानगर अध्यक्ष नीलम जेठा, गुलशन आनंद व मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर समेत अन्य मौजूद रहे।
महिला सम्मेलन में न मुख्य अतिथि महिला न ही मुख्य वक्ता
महिला सम्मेलन में चर्चा यह रही कि कार्यकर्ता भी महिलाएं थीं, लेकिन मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता पुरुष रखे गए। एक तरफ पार्टी महिला आरक्षण देकर महिलाओं को आगे बढ़ाने की बात कह रही है और खुद ही महिलाओं के कार्यक्रम में उन्हें पीछे रख रही है। इस बारे में महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने बताया कि कार्यक्रम महिला मोर्चा की ओर से किया गया था। वहीं बता सकती हैं। वहीं महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. निवेदिता श्रीवास्तव ने कहा कि यह प्रदेश से आया हुआ कार्यक्रम था। मुख्य वक्ता प्रदेश से ही मिला था। कहा कि महिला सम्मेलन में महिला वक्ता होती हैं मैं खुद ही छह कार्यक्रमों में मुख्य वक्ता रही हूं।


