Bareilly News: सेवानिवृत्त फौजी को मिलेगा न्याय, कुर्की की तैयारी
बरेली। कृष्णा सहकारी आवास समिति में प्लॉटों के फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी का शिकार हुए सेवानिवृत्त फौजी बृजमोहन पांच साल से सिस्टम की मार झेल रहे हैं। समिति के सचिव ने नक्शे को ताक पर रखकर भूखंडों व पार्कों का भूगोल ही बदल दिया है। बृजमोहन ने जो मुकदमा दर्ज कराया, उसमें विवेचक दरोगा धाराएं कम करने पर आमादा थे। एसपी सिटी ने फटकार लगाई तो अब कुर्की की तैयारी शुरू की जा रही है।
गणेशपुरम निवासी बृजमोहन ने एसपी सिटी को बताया कि वह 80 साल के हैं और हृदय रोग से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि कृष्णा सहकारी आवास समिति के सचिव गौरांग खन्ना और महेंद्र सिंह ने नवादा जोगियान में उनके प्लॉट पर कब्जा कर लिया। जो जगह पार्क की चौहद्दी में थी, वहां निधि स्टेट कॉलोनी व मैरिज हाॅल बना लिया। शिकायत पर वर्ष 2018 में एडीजी के आदेश पर इन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई थी।
एक बार उनकी जांच में पक्षपात कर एफआर लगा दी गई। उन्होंने कोर्ट में शिकायत की तो दोबारा विवेचना बारादरी थाने के दरोगा नरेंद्र बैसला को दी गई। तभी से विवेचक लगातार अलग तरह की बातें कर रहे हैं। वह धोखाधड़ी छोड़कर अन्य धाराएं हटाने की बात कहते हैं, जो कि तार्किक तरीके से लगाई गई हैं।
उन्हें लगता है कि विवेचक भी आरोपियों से मिले हुए हैं। मामले में एसपी सिटी ने विवेचक को तलब कर रिकॉर्ड मंगाया तो बृजमोहन की बातें सही पाई पाईं। विवेचक को फटकार लगाने के साथ ही मामले में कुर्की संबंधी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
गड़बड़ियों पर पड़ा रहे पर्दा, इसलिए नहीं दे रहे नक्शा
बृजमोहन ने जो रिकॉर्ड पेश किया, उसमें ऐसी कई खामियां हैं, जिनमें समिति के सचिव व पदाधिकारी फंस रहे हैं। कई प्लॉट, पार्क व दूसरी श्रेणी के भूखंड जहां होने चाहिए, वहां उनका अस्तित्व ही नहीं है। पूर्व विवेचक के मांगने पर आरोपी पक्ष ने नक्शा भी उपलब्ध नहीं कराया था।
वर्जन
– सेवानिवृत्त फौजी की शिकायत पर विवेचक को रिकॉर्ड के साथ तलब किया गया था। जांच में खेल न करने व सुसंगत धाराओं में चार्जशीट और अग्रिम कार्रवाई का निर्देश दिया है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। – राहुल भाटी, एसपी सिटी


