Pilibhit News: मूर्ति की रखवाली के लिए गांव के लोगों ने डाला डेरा
पूरनपुर। गांव चांटफिरोजपुर में निकली मूर्ति कहीं हटा न दी जाए, इसलिए लोग लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं। बुधवार को भी लोगों की भीड़ जुटी रही। टंकी निर्माण को लेकर बंद कराया गया काम दूसरे दिन बुधवार को भी शुरू नहीं हो सका।
गांव चांटफिरोजपुर में पानी की टंकी बनाए जाने का लोग शुरूआत से ही विरोध करते आ रहे हैं। सोमवार को जेसीबी से खोदाई के बाद शाम को जेसीबी और खोदाई में लगे मजदूर अपने घरों को चले गए। रात में तीन लोगों ने मूर्ति को लाकर डाल दिया। सुबह खोदाई में भगवान विष्णु की मूर्ति निकलने का शोर मचा तो वहां पूजा करने वालों की भीड़ लगी।
एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की। उन्होंने जांच में समीप के धार्मिक स्थल का निकास बंद होने का मामला पाया। मंगलवार शाम को एसडीएम ने ग्राम प्रधान, गांव के कुछ लोगों को बुलाकर वार्ता की। वार्ता में धार्मिक स्थल के निकास के लिए रास्ता देना तय हुआ। इस पर वार्ता करने वाले संतुष्ट हो गए। मगर रात को प्रशासन कहीं मूर्ति को हटा न दे आदि को लेकर गांव के कई लोग पूरी रात जुटे रहे। बुधवार सुबह भी लोगों की भीड़ लगी।
मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि खोदाई में ही भगवान विष्णु की मूर्ति निकली है। अब यहां मंदिर ही बनेगा। मूर्ति को किसी कीमत पर नहीं हटने दिया जाएगा। एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मंगलवार को काम रुकवाने पर ठेकेदार दूसरी जगह काम को लेकर मशीनें ले गया। वार्ता में सब कुछ तय हो गया है। बृहस्पतिवार से टंकी का निर्माण शुरू कराया जाएगा।



