Pilibhit News: 10वीं में सिद्धि और 12वीं में जैनुल बने जिला टॉपर
संवाद न्यूज एजेंसी
– सीबीएसई का 10वीं और 12वीं का रिजल्ट हुआ घोषित
– दोनों टॉपर बेनहर स्कूल के, शिक्षकों ने दी बधाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिले में सीबीएसई ( केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ) 10वीं और 12वीं की परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित हुआ। जिले में 10वीं कक्षा में कुल 1987, 12वीं में 1641 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। 10वींं की सिद्धि अमोला ने 98.67 प्रतिशत अंक पाकर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रियांशु कुमार 97.66 अंक पाकर दूसरे स्थान पर रहे। इसी तरह 12वीं में जैनुल अब्दीन 97.80 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में पहले स्थान पर रहे। हार्दिक तिवारी ने 97.48 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
सीबीएसई की मंडल कोआर्डिनेटर अल्पना कोहली ने बताया कि जिले में सीबीएसई के 29 स्कूल हैं। 2022-23 में 10 वीं कक्षा में 745 छात्राओं व 1242 छात्रों ने परीक्षा दी थी। इसमें से 710 छात्राएं व 1145 छात्र उत्तीर्ण हुए। इसी तरह 12वीं में 633 छात्राएं व 1008 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। जिनमें 531 छात्राएं व 794 छात्रों ने सफलता हासिल की। 10वीं की टॉप टेन सूची में 13 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। वहीं 12वीं की टॉप टेन सूची में 18 छात्र-छात्राएं शामिल रहे। सुबह करीब 11 बजे पहले 12वीं का रिजल्ट आया। इसके दो घंटे बाद एक बजे 10वीं का भी रिजल्ट आ गया। रिजल्ट आने की सूचना मिलते ही बच्चे स्कूलों की तरफ हो लिए। हर स्कूल की आईडी पर उसका रिजल्ट भेजा गया था।