Budaun News: जिले के छह स्थानों पर आज होगी मतगणना

12बीडीएन43-मंडी समिति में मतगणना स्थल में की गई तैयारियां। संवाद
– सुबह आठ बजे खोली जाएंगी मतपेटिकाएं, फिर आते रहेंगे नतीजे, सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम पूरे
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिले में बृहस्पतिवार को नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में मतदान संपन्न हो गया। अब सभी प्रत्याशियों का भविष्य मतपेटिकाओं में कैद है। यह मतपेटिकाएं शनिवार सुबह आठ बजे से खुलना शुरू होंगी। मतगणना के बाद पता चलेगा कि किस प्रत्याशी को कितने वोट मिले।
शनिवार को मतगणना जिले में छह स्थानों पर होगी। शहर में मंडी समिति तो उझानी, बिल्सी, बिसौली, दातागंज और सहसवान में मतगणना स्थल बनाए गए हैं। सभी मतगणना स्थलों पर सुबह आठ बजे से गिनती शुरू हो जाएगी। फिर जब तक मतपत्रों की गिनती नहीं हो जाती, तब तक कर्मचारी मतगणना स्थल से नहीं जाएंगे। अनुमान है कि सुबह दस बजे से वार्ड सदस्य पदों के प्रत्याशियों के परिणाम आने शुरू हो जाएंगे।
जिला प्रशासन की कोशिश है कि मतगणना निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाए। इसके तहत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए हैं। जिले में नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के 167 प्रत्याशी और 1429 वार्ड सदस्य प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है। जिला प्रशासन ने मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी प्रत्याशियों की ओर से एजेंट बनाए गए हैं। उन्हें पास भी जारी किए गए हैं। मतगणना स्थल पर भी सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
यहां होगी मतगणना
बदायूं मंडी समिति- नगर पालिका परिषद बदायूं, नगर पालिका परिषद ककराला, नगर पंचायत सखानू, नगर पंचायत गुलड़िया और नगर पंचायत कुंवरगांव की मतगणना होगी।
दातागंज- नगर पालिका परिषद दातागंज, नगर पंचायत उसावां, नगर पंचायत उसहैत, नगर पंचायत अलापुर की मतगणना होगी।
बिसौली- नगर पालिका परिषद बिसौली, नगर पंचायत वजीरगंज, नगर पंचायत सैदपुर, नगर पंचायत मुड़िया धुरेकी, नगर पंचायत फैजगंज की मतगणना होगी।
बिल्सी- नगर पालिका परिषद बिल्सी, नगर पंचायत इस्लामनगर, नगर पंचायत रुदायन।
सहसवान- नगर पालिका परिषद सहसवान, नगर पंचायत दहगवां की मतगणना होगा।
उझानी- नगर पालिका परिषद उझानी और नगर पंचायत कछला की मतगणना होगी।