बरेली

Bareilly News: मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में वजूद की लड़ाई जारी

Connect News 24

बरेली। मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पद की लड़ाई जारी है। स्कूल के वरिष्ठ प्रवक्ता राजेंद्र प्रसाद और दुर्गेश प्रसाद दोनों ही खुद को प्रधानाचार्य साबित करने में जुटे हैं। हाल ही में हाईकोर्ट के निर्देश पर राजेंद्र प्रसाद को प्रधानाचार्य बनाया गया है, लेकिन दुर्गेश कुमार पीछे हटने को तैयार नहीं। डीआईओएस का कहना है कि हाईकोर्ट की ओर से उन्हें मामले में फैसला करने का दायित्व सौंपा गया है, तीन महीने में वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी।

विद्यालय के प्रबंधक अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह का कहना है कि प्रबंध समिति को प्रधानाचार्य चुनने का अधिकार है, इसी आधार पर संयुक्त निदेशक अजय कुमार द्विवेदी ने फैसला किया था। वर्तमान स्थिति यह है कि जेडी ने दुर्गेश कुमार को तो डीआईओएस ने राजेंद्र प्रसाद को प्रधानाचार्य बनाया है। दोनों ही अपने आप को प्रिंसिपल साबित करने में लगे हुए हैं। फिलहाल हाईकोर्ट का आदेश ही अहम है।

राजेंद्र प्रसाद का कहना है कि डीआईओएस ने जांच के बाद उनके हक में फैसला सुनाया था, जिसे हाईकोर्ट से भी मान्यता मिली है। लिहाजा, वही प्रधानाचार्य रहेंगे, जबकि दुर्गेश कुमार का कहना है कि कोर्ट ने डीआईओएस का फैसला मान्य किया है, लेकिन प्रबंध समिति के फैसले को रद्द नहीं किया है। उनके मुताबिक मामले में संयुक्त निदेशक का फैसला अब भी मान्य है।

इस खींचतान में विद्यालय में पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। शिक्षकों के लिए भी यह दुविधा का विषय बना हुआ है कि आखिर वे किसे प्रधानाचार्य मानें। प्रबंधक ने विद्यालय के आंतरिक विवाद में पूर्व प्रधानाचार्य की संलिप्तता बताई है। दोनों ही पक्ष तीन महीने में डीआईओएस के सामने अपना-अपना पक्ष रखेंगे। तीन महीने तक सुनवाई के बाद डीआईओएस का फैसला ही मान्य होगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button