बरेली

Bareilly News: नशे में लड़खड़ाए दूल्हे के कदम, दुल्हन ने लौटाई बरात

Connect News 24

फतेहगंज पूर्वी। कस्बे की नई कॉलोनी में रहने वाली पूजा पुत्री श्रीपाल की बृहस्पतिवार को शादी थी। बरात आई, स्टेज पर वरमाला डालते समय नशे में दूल्हे के कदम लड़खड़ाए तो पूजा ने शादी से इन्कार कर दिया। कस्बे में चारों ओर पूजा के साहसिक फैसले की चर्चा हो रही है।

परिजनों ने बताया पूजा का विवाह रिश्तेदारों के सहयोग से करगैना निवासी पंकज से तय हुआ था। बृहस्पतिवार को बरात आई थी। जयमाला की रस्म के लिए दूल्हा- दुल्हन को स्टेज पर लाया गया। स्टेज पर चढ़ते समय पंकज के पांव लड़खड़ाने लगे। बड़ी मुश्किल से सहारा देकर उसे स्टेज पर लाया गया। स्टेज पर भी वह अभद्रता करने लगा। दुल्हन द्वारा पहनाई गई वरमाला को तोड़कर फेंक दिया। परिजनों के समझाने का भी उस पर कोई असर नहीं हुआ। इसी बीच एक बराती ने दूल्हे का सिगरेट पीते हुए वीडियो पूजा को दिखाया।

दूल्हे के नशा करने की बात सामने आने पर पूजा ने शादी से इन्कार कर दिया। परिजनों ने भी उसका साथ दिया। इससे बराती सकते में पड़ गए। रिश्तेदारों ने दोनों पक्षों में बातचीत के जरिये समझौता कराने का प्रयास किया। समाज में बदनामी और समारोह पर खर्च हुए रुपये बर्बाद होने का डर दिखाया। मगर, पूजा अपने फैसले पर अड़ी रही। देर रात बिना दुल्हन के ही बरात लौट गई। शुक्रवार को पूजा परिजनों के साथ थाने पहुंची। उसने बताया कि दूल्हा पक्ष के लोग फोन कर धमकी दे रहे हैं। फतेहगंज पूर्वी इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

पिता बीमार, प्राइवेट नौकरी करती हैं पूजा

दूल्हा शराबी होने पर बरात लौटाकर चर्चा में आई पूजा के पिता बीमार हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा दो छोटी बहनें और एक भाई है। परिवार के भरण-पोषण के लिए पूजा एक प्राइवेट फैक्टरी में नौकरी करती हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button