Rampur News: जिले में 700 के पार पहुंची डेंगू के मरीजों की संख्या
रामपुर। जिले में डेंगू के संक्रमितों का आंकड़ा 700 पार हो गया है। शनिवार को 31 और लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें शहरी क्षेत्र में नौ लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। डेंगू के लगातार बढ़ रहे मामले स्वास्थ्य विभाग और आमजन की चिंता बढ़ा रहे हैं।
जिले में अगस्त माह से डेंगू के मामले मिलने शुरू हुए थे। अगस्त में केवल दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद सितंबर और अक्तूबर में रिकॉर्ड मामले आए हैं। शुक्रवार तक डेंगू के कुल 671 मामले थे। शनिवार को आई रिपोर्ट में 31 और लोगाें में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद आंकड़ा 702 पहुंच गया। इनमें शहर में नौ लोगों को डेंगू हुआ है। मिलक में तीन, बिलासपुर में नौ, स्वार में चार, सैदनगर और शाहबाद में तीन-तीन लोगाें की रिपोर्ट डेंगू पॉजीटिव आई है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. केके चहल ने बताया कि सभी डेंगू संक्रमित घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। गांवों में डेंगू से बचाव के लिए लगातार दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।
बुखार और डेंगू के मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है। संक्रमण शहर की अपेक्षा गांवों में अधिक फैला हुआ है। इसलिए लोग अधिक संख्या में बीमार हो रहे हैं। लोगों को समय पर जांच कराकर उपचार शुरू कराना चाहिए।


