Rampur News: पदोन्नति के इंतजार में जिले के 1200 शिक्षक
रामपुर। नौ माह बीत जाने के बाद भी बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक स्कूलों हेडमास्टर और उच्च प्राथमिक में सहायक अध्यापक के पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया अधर में लटकी हुई है। जिले में तकरीबन 1200 शिक्षक पदोन्नति के इंतजार में हैं, लेकिन शासन से कोई गाइडलाइन नहीं आने पर प्रक्रिया रुकी हुई है।बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अध्यापकों के पदोन्नति की प्रक्रिया जनवरी में शुरू कराई गई थी। जिसमें प्राथमिक में शिक्षकों की हेडमास्टर के पद पर और प्राथमिक के हेडमास्टरों की उच्च प्राथमिक में सहायक अध्यापक के पद पर प्रोन्नति होनी थी। इसी के साथ ही अंतर्जनपदीय तबादला प्रक्रिया शुरू कराई गई थी जो की पूरी हो चुकी है, लेकिन पदोन्नति में कोई खास प्रगति नहीं है।
बेसिक शिक्षा विभाग में आठ साल से शिक्षकों की पदोन्नति नहीं हुई थी। इस वर्ष 23 जनवरी को विभाग ने प्रक्रिया शुरू तो की, लेकिन यह पूरी नहीं हो पाई। इससे शिक्षक और उनसे जुड़े संगठनों में रोष है। बीएसए संजीव कुमार ने बताया शासन स्तर से पदोन्नति को लेकर अभी दिशा-निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। शासन से हरी झंडी मिलने पर ही प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
शिक्षक लंबे समय से पदोन्नति की आस लगाए बैठे हैं। शिक्षा विभाग नौ महीने बीत जाने के बाद भी इसको पूरा नहीं कर पाया है।
रवेंद्र गंगवार, जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ।


