Budaun News: बुखार से छात्र समेत दो लोगों की मौत, डेंगू के 13 नए मरीज मिले

खेड़ा जलालपुर में फागिंग करते कर्मचारी।स्रोत-स्वास्थ्य विभाग
बदायूं। सोमवार को बुखार से कक्षा दस के छात्र और 50 वर्षीय किसान की मौत हो गई। दोनों के परिजन मौत का कारण डेंगू को बता रहे हैं। जिले में डेंगू से संक्रमित 13 और मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में डेंगू संक्रमितोंं की संख्या बढ़कर 535 हो गई है।
नगर पंचायत रुदायन के मोहल्ला बीच के रहने वाले सूरजपाल (50) को पिछले तीन दिन पहले तेज बुखार आया था। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनका इलाज निजी चिकित्सकों से कराया, जहां उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हो सका। इलाज के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई। बुखार के कारण नगर में काफी लोग आज भी निजी चिकित्सकों के यहां इलाज करा रहे हैं। इधर, सिविल लाइंस क्षेत्र के गांव कुरऊ निवासी योगेश पटेल का 15 वर्षीय बेटा हाईस्कूल का छात्र था। परिवार वालों ने बताया कि लगभग 15 दिन पहले बुखार आया। जांच कराई तो डेंगू की पुष्टि हुई। बरेली में बलाज के दौरान मौत हो गई।
मलेरिया विभाग ने की फाॅगिंग, लार्वा किया नष्ट
मलेरिया विभाग द्वारा ब्लाॅक उसहैत के गांव खेड़ा जलालपुर में फागिंग की वहीं घर घर लार्वा चेक किया। टीम ने मिले लार्वा को मौके पर ही नष्ट कराया और लोगो को पंफलेट देकर संक्रमण के प्रति जागरूक किया। गांव में साफ सफाई करने को प्रधान से कहा गया। इधर, आमगांव में बुखार फैलने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने तीसरे दिन भी कैंप लगाने के साथ ही साफ सफाई कराई है।
वजीरगंज ब्लाक क्षेत्र में अब तक पांच दर्जन मौत
– क्षेत्र के सबसे अधिक प्रभावित गांव पेपल, बरीपुरा, उदयपुर, खुर्रमपुर भमोरी, दिसौलीगंज, लहरा लाडपुर सहित गांव में बुखार से सैकड़ो की संख्या में लोग पीड़ित है। भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत करीब पांच दर्जन लोगों की मौत बुखार से हो चुकी है। इसमें अधिकांश लोगों की मृत्यु डेंगू से हुई है लेकिन स्वास्थ्य विभाग किसी भी मौत को डेंगू से मानने को तैयार नहीं है।
दातागंज के गनगोला में आज से चलेगा सफाई अभियान
गनगोला में मंगलवार को सामूहिक सफाई और एंटी लार्वा नष्ट करने का अभियान चलाया जाएगा। इस गांव में एक महीने के अंदर 12 लोगों की बुखार से मौत हो चुकी है। जिला मलेरिया अधिकारी योगेश सारस्वत और डिप्टी सीएमओ डॉ. सनोज मिश्रा ने सोमवार को इस गांव का भ्रमण किया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था देखी। चिकित्साधीक्षक डॉ. रितेश भसीन ने बताया कि एसडीएम धर्मेंद्र सिंह से विचार विमर्श के बाद निर्णय लिया गया है कि सर्वाधिक बुखार पीड़ित गनगोला गांव में 40 से 50 सफाई कर्मी लगाकर पूरे गांव की सफाई कराई जाएगी। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि गांव में विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा। वहीं घर घर लार्वा चेक किया जायेगा। एंटी लार्वा का छिड़काव कराने का भी काम होगा।

खेड़ा जलालपुर में फागिंग करते कर्मचारी।स्रोत-स्वास्थ्य विभाग


