Budaun News: बरेली-कासगंज रेलवे लाइन पर कल छह घंटे का रहेगा ब्लॉक

उझानी स्टेशन।
उझानी (बदायूं)। बरेली-कासगंज ब्राॅडगेज लाइन पर वितरोई और मानपुर नगरिया के बीच पुल संख्या-410 पर ट्रैक लिंक करने के लिए आठ नवंबर को छह घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान चार पैसेंजर ट्रेनों का संचालन उझानी-कासगंज के बीच नहीं होगा। इज्जतनगर मुख्यालय से ब्लॉक की अनुमति मिलने के बाद रेलवे की टीम ने निर्धारित समय में काम पूरा करने की तैयारी शुरू कर दी है।
इज्जतनगर डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक परिचालन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, उझानी और कासगंज के बीच आठ नवंबर को सुबह 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक ब्लॉक रहेगा। छह घंटे की इस अवधि में पुल संख्या-410 से ट्रैक को जोड़ा जाएगा। इस दौरान काशीपुर- कासगंज ट्रेन संख्या- 05335 को उझानी में शार्ट टर्मिनेट किया गया है। यह ट्रेन उझानी से कासगंज के बीच निरस्त रहेगी।
कासगंज-काशीपुर ट्रेन संख्या- 03536 कासगंज से उझानी तक नहीं चलेगी। ट्रेन संख्या- 05337 कासगंज- बरेली सिटी ब्लॉक के दौरान कासगंज से उझानी के बीच निरस्त रहेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या- 05370 लालकुआं-कासगंज अपने पूर्व निर्धारित समय से आधा घंटा देरी से उझानी स्टेशन पर पहुंचेगी। इस रूट पर संचालित मालगाड़ियों को उझानी और रामगंगा स्टेशन पर रोका जाएगा। ब्लॉक से पहले और बाद में बरेली-कासगंज ट्रैक पर सभी ट्रेनों समेत मालगाड़ियों का संचालन सुचारु रहेगा।
पुल के पास रेलवे ट्रैक में थी गोलाई, नई लाइन का काम पूरा
बरेली-कासगंज के बीच ब्राॅडगेज लाइन पड़ी, उस दौरान पुल संख्या- 410 के पास ट्रैक गोलाई में था। बताते हैं कि इसके चलते ट्रेनों को रफ्तार कम करनी पड़ जाती थी। पिछले महीनों उसके बराबर ही नया ट्रैक बनाया गया। ट्रैक तो बन चुका है लेकिन विभागीय स्तर से ब्लॉक नहीं मिल पा रहा था। ब्लॉक मिल जाने के बाद अब आठ नवंबर को सुबह 10 से अपराह्न चार बजे तक उसे मेन लाइन से लिंक कर दिया जाएगा।


