Budaun News: धुंध ने धूप की बेअसर, दृश्यता भी हुई कम

मंगलवार को आसमान में छाई धुंद। संवाद
बदायूं। मौसम बदलाव का असर अब सुबह-शाम ठंड के रूप में दिखने लगा है। दिन में भी अब गर्मी पस्त होने लगी है। मंगलवार को दिन भर धुंध छाई रही। इससे धूप बेजान रही। धुंध की वजह से दृश्यता भी कम रही।
नवंबर आते-आते मौसम में बदलाव दिखाई देने लगा है। हालांकि अभी वैसी सर्दी नहीं पड़ रही है, जो पहले नवंबर में हो जाती थी। इस समय सुबह और शाम को हल्की ठंड होने लगी है। दोपहर में गर्मी का आंशिक असर दिखाई दे रहा है। मंगलवार को मौसम में ज्यादा बदलाव दिखाई दिया। आमतौर पर जहां दिन में अभी तक तेज धूप निकल रही थी, वहीं मंगलवार को धुंध छाई रही। ऐसे में दृश्यता भी काफी कम हो गई।
शहर से बाहर निकलने पर मुख्य मार्गों पर वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 30 व न्यूनतम 19.3 डिग्री सेल्सियस रहा था। बुधवार को भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।
मंगलवार को 165 दर्ज किया गया एक्यूआई
मंगलवार को बदायूं का एक्यूआई 165 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी का माना जाता है। 101 ये 200 एक्यूआई तक माना जाता है कि हवा की गुणवत्ता बिगड़ रही है और सावधानी की आवश्यकता है। आने वाले दिनों में दिवाली पर आतिशबाजी के धुएं से एक्यूआई में बढ़ोतरी की आशंका है। हेमवती नंदन बहुगुणा यूनिवर्सिटी के भौतिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर और मौसम विशेषज्ञ डॉ. आलोक सागर गौतम के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम ऐसे ही बना रहेगा। स्मॉग और बढ़ेगा, इससे सांस के रोगियों को विशेष सावधानी बरतनी होगी।



