Rampur News: रेलवे स्टेशन का सांसद ने किया निरीक्षण, एस्केलेटर लिफ्ट का कार्य जल्द होगा शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Wed, 08 Nov 2023 01:32 AM IST
रामपुर। अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशन के कायाकल्प को लेकर सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने रामपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। और रेलवे स्टेशन पर शीघ्र कार्य निर्माण शुरू करवाने के निर्देश दिए व रेलवे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त पाए जाने पर रेलवे अधिकारियों की सराहना की।
सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर बीमार, विकलांग, बुजुर्ग व महिलाओं को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए एस्केलेटर और लिफ्ट लगवाई जा रही है, जिसका कार्य जल्द शुरू होगा। सांसद घनश्याम सिंह लोधी आज दोपहर में डेढ़ बजे रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन मास्टर मोहम्मद आजम ने भारत सरकार की अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर कराए जाने वाले कार्य की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, मुख्य निकास को शौचालय की ओर ले जाने, प्लेटफार्म नंबर एक से दो पर जाने के लिए स्केलेटर, लिफ्ट, यात्री प्रतीक्षालय के आगे फुटओवर ब्रिज निर्माण आदि का निर्माण किया जाएगा, जिसका टेंडर भी हो गया है। ड्राइंग तैयार होते ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इस मौके पर रेलवे स्टेशन मास्टर मोहम्मद आजम एवं सीनियर अधिकारी गोविंद सिंह जानी मौजूद रहे।


