Bareilly News: दिल्ली-जयनगर-दिल्ली के बीच एक और विशेष ट्रेन
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Wed, 08 Nov 2023 01:33 AM IST
बरेली। त्योहारी सीजन में यात्रियों की सहूलियत के लिए मंगलवार को रेलवे ने दिल्ली-जयनगर-दिल्ली के बीच एक और विशेष ट्रेन की समयसारिणी जारी कर दी है। नौ से 17 नवंबर के बीच यह ट्रेन अप-डाउन में तीन-तीन फेरे लेगी।
04006 दिल्ली-जयनगर त्योहार स्पेशल नौ, 12 और 15 नवंबर को दिल्ली से रात 11:05 बजे चलने के बाद तड़के 3:45 बजे बरेली आएगी। यहां दो मिनट ठहराव के बाद सुबह 8:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी होते हुए रात 11:45 बजे जयनगर पहुंचेगी। 04005 जयनगर-दिल्ली त्योहार स्पेशल 11, 14 और 17 नवंबर को जयनगर से रात 1:30 बजे चलने के बाद अगले दिन रात 9:02 बजे बरेली आएगी। बरेली से चलने के बाद रात एक बजे दिल्ली पहुंचेगी। रेलवे इससे पहले भी अप-डाउन में चार गतिशक्ति एक्सप्रेस समेत 36 विशेष ट्रेनों की समयसारिणी जारी कर चुका है।



