Rampur News: गाजियाबाद के ट्रक चालक का शव सड़क किनारे मिला
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Wed, 08 Nov 2023 01:39 AM IST
धमोरा। गाजियाबाद के एक ट्रक चालक की लाश शहजादनगर क्षेत्र में सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस नेशव को कब्जे में ले लिया है। उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। बताया जाता है कि ट्रक चालक रोडवेज बस से बरेली के लिए निकला था,लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मंगलवार की सुबह धमोरा चौकी पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से शिनाख्त का प्रयास किया। लेकिन, शिनाख्त नहीं हुई। जिसके बाद पुलिस ने युवक की जेब से आधार कार्ड निकाल लिया और उसकी शिनाख्त कर ली। पुलिस के मुताबिक मृतक गाजियाबाद जिले के कविनगर निवासी पवन कुमार पुत्र भारत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखकर मामले की जानकारी परिजनों को दी। पुलिस के मुताबिक पवन ट्रक चलाता था। वह डासना से बरेली के लिए रोडवेज बस से निकला था,लेकिन उसकी लाश यहां कैसे पहुंची,जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी है। परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष विनय कुमार के मुताबिक मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


