Rampur News: खनन निदेशालय की टीम ने स्टोन क्रशरों पर मारा छापा
रामपुर। खनन के खिलाफ जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा शिकंजा कसने के बाद बुधवार को संयुक्त निदेशक खनन अमित कौशिक ने टीम के साथ क्षेत्र में छापा मारा। टीम ने कुबेर स्टोन क्रशर पर कार्रवाई करते हुए स्टॉक और अभिलेख चेक किए। इस दौरान आसपास के स्टोन क्रशरों के संचालकों में खलबली मची रही। सोमवार की रात जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय अधिकारियों को साथ लेकर रामपुर-बाजपुर मार्ग पर मुरसैना तथा मानपुर उत्तरी पुलिस चैकपोस्ट पर उधर से गुजर रहे खनन के वाहनों की जांच की थी तब चार डंपर पकड़ कर सीज किए थे। इसके बाद बुधवार को लखनऊ से आए संयुक्त निदेशक खनन के अधिकारियों की टीम ने करीमपुर कोसी घाट स्थित कुबेर स्टोन क्रशर पर छापा मारा।
टीम ने खनन के ढेरों का अवलोकन किया तथा भंडारण से संबंधित अभिलेख तलब किए। टीम ने रिजवान स्टोन क्रसर पर भी छापे की कार्रवाई की, जहां कई कमियां पाई गईं। संयुक्त निदेशक खनन की कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य स्टोर क्रशर संचालक भी दहशत में आगए। एसडीएम अवनीश कुमार का कहना है कि लखनऊ से संयुक्त निदेश खनन ने कुबेर स्टोन क्रशर पर पहुंचकर जांच की। कार्रवाई के दौरान खनन अधिकारी शिवम जैन, पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज चौधरी, कोतवाल कोमल सिंह, खनन निरीक्षक, चौकी इंचार्ज अमित कुमार, नायब तहसीलदार मानवेंद्र सिंह यादव और अंकित अवस्थी आदि रहे।