Rampur News: मक्खी निकलने पर एक क्विंटल रसगुल्ला कराया नष्ट
रामपुर। दिवाली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा टीम सक्रिय हो गई है। टीम ने खोया, पनीर, दूध और दुग्ध पदार्थों से निर्मित मिठाइयां नमकीन, ड्राई फ्रूट, खाद्य तेल, घी, रंगीन मीठे खिलौने के कुल 10 नमूने लिए गए। जिनको प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। वहीं एक दुकान पर मक्खी निकलने पर एक क्विंटल रसगुल्ला नष्ट कराया।
जिला अभिहित अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने टीम के साथ कई स्थानों पर चेकिंग की। इस दौरान उप जिलाधिकारी शाहबाद के नेतृत्व में वसीम के बताशा गट्टा निर्माण इकाई से शाहबादी गट्टा का एक नमूना, अफसर अहमद की चीनी, खिलौना एवं मिठाई निर्माण इकाई से रंगीन सूजी कतली व रंगीन सूजी लडडू का एक-एक नमूना, टांडा चौराहे पर महफूज खान के चार पहिया वाहन से राइस ब्रांड ऑयल का एक नमूना लिया गया।
ऊंचागांव शाहबाद स्थित पवन कुमार के छेना रसगुल्ला निर्माण इकाई से छेना रसगुल्ला के दो नमूने लिए और लगभग 100 किलोग्राम दूषित रसगुल्ला जिसमें मक्खी पड़ी हुई थी उसको नष्ट करवाया गया। आगापुर में राजीव गुप्ता की राजीव किराना स्टोर से किशमिश व सूजी का एक-एक नमूना, धर्मेंद्र की लल्ला स्वीट्स हाऊस से खोया व छेना रसगुल्ला का एक-एक नमूना लिया गया। इस तरह कुल 10 नमूने लिए गए हैं। जिसको प्रयोगशाला में जांच के लिए भिजवा दिया गया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामप्रताप, अशोक कुमार, मनोज कुमार, राहुल शुक्ला और अजरा बी मोहम्मद उपस्थित रहे।