रामपुर

Rampur News: आजम के कब्जे से जमीन खाली कराने की मोहलत आज होगी खत्म

Connect News 24

रामपुर। आजम खां के जौहर ट्रस्ट के कब्जे से शिक्षा विभाग की 41181 वर्ग फीट जमीन को खाली करने के लिए प्रशासन द्वारा जारी नोटिस की अवधि बृहस्पतिवार को पूरी हो जाएगी। इसके बाद अपने आप कब्जा न हटाने पर प्रशासन अब इसे खाली कराने की तैयारी में जुट गया है। इसी जमीन पर आजम खां का रामपुर पब्लिक स्कूल (आरपीएस) गर्ल्स विंग और सपा कार्यालय है। यूपी सरकार ने बीते दिनों कैबिनेट की बैठक में जौहर ट्रस्ट को 30 साल की लीज पर आवंटित शिक्षा विभाग की 41181 वर्ग फीट जमीन को वापस लेने का फैसला किया था। कैबिनेट से इस फैसले का प्रस्ताव पारित होने के बाद पिछले सप्ताह विस्तृत आदेश जारी कर दिया था। शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार की ओर से जिलाधिकारी को भेजे गए आदेश के बाद प्रशासन ने जौहर ट्रस्ट से जमीन खाली करानी की कवायद शुरू कर दी थी।

डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने जमीन खाली कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी नंद किशोर कलाल की अध्यक्षता में कमेटी गठित की थी, जिसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली ने जौहर शोध संस्थान के प्रबंधक को नोटिस भी जारी कर दिया था। नोटिस में सात दिन का समय दिया गया था। नोटिस की अवधि बृहस्पतिवार को पूरी हो जाएगी। इसके बाद प्रशासन कब्जा हटवाएगा।

क्या है मामला

सपा शासन में सपा नेता आजम खां के मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट को शिक्षा विभाग की 41181 वर्ग फीट जमीन 30 साल की लीज पर दी गई थी, जिसके बाद यहां से जिला विद्यालय निरीक्षक के दफ्तर को खाली कराया गया था। फिर इस भवन में ट्रस्ट की ओर से रामपुर पब्लिक स्कूल का संचालन किया जाने लगा। इसके साथ ही यहां पर दारुल अावाम (सपा कार्यालय) भी बनवा दिया गया। भाजपा के शहर विधायक आकाश सक्सेना ने सपा की सरकार जाने के बाद इस मुद्दे को उठाया था। साथ ही शासन से भी इस मामले की शिकायत की थी, जिसके बाद शासन से लेकर प्रशासन तक एक्टिव हो गया था। डीएम की रिपोर्ट के बाद शासन ने कैबिनेट की बैठक में इस जमीन को वापस लेने का फैसला लिया था।

आरपीएस से सामान की शिफ्टिंग का काम शुरू

रामपुर। जौहर शोध संस्थान को नोटिस मिलने के बाद रामपुर पब्लिक स्कूल से सामान को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यहां पर फिलहाल स्कूल का सामान यतीमखाना बस्ती में स्थित निर्माणधीन स्कूल भवन में रखा जा रहा है। यहां पर शिक्षकों के साथ ही बच्चों के भी भविष्य पर भी अभी सवाल बना हुआ है। इस बीच बुधवार को पुलिस भी स्कूल पहुंची और स्टाफ से जानकारी ली।

शासन के आदेश पर सपा नेता आजम के कब्जे वाली जमीन को खाली कराने के लिए जौहर शोध संस्थान को नोटिस दिया गया है। शिक्षा विभाग ने इस जमीन पर चल रहे रामपुर पब्लिक स्कूल को खाली करने का नोटिस दिया है। नोटिस की अवधि बृहस्पतिवार को खत्म हो रही है। इससे पहले प्रशासन की ओर से राहत न मिलने की उम्मीद में फिलहाल स्कूल के सामान की शिफ्टिंग शुरू कर दी गई है। तोपखाना रोड स्थित रामपुर पब्लिक स्कूल गर्ल्स विंग्स के स्कूल के सामान को संस्थान की ओर से यतीमखाना बस्ती में स्थित निर्माणाधीन स्कूल में शिफ्ट किया जा रहा है। बुधवार को दिन भर सामान शिफ्ट होता रहा। यहां पर स्कूल की प्रधानाचार्या डाॅ. अजरा बी की मौजूदगी में सामान की शिफ्टिंग का काम चलता रहा।

प्रधानाचार्या बोलीं, बच्चों की पढ़ाई न हो बाधित

रामपुर। रामपुर पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या अजरा बी ने कहा कि हम चाहते हैं कि किसी भी हाल में बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। बच्चे और उनके अभिभावक भी परेशान हैं। बच्चों को चिंता है कि उनके भविष्य का क्या होगा। उनका कहना है कि यदि कु मोहलत मिल जाए तो बेहतर होगा। फिलहाल सामान को शिफ्ट किया जा रहा है। जैसा भी आदेश होगा उसका पालन किया जाएगा।

-शिक्षा विभाग की जमीन को खाली कराने के नोटिस की अवधि बृहस्पतिवार को पूरी हो रही है। इस अवधि के पूरे होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुन्ने अली, जिला विद्यालय निरीक्षक।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button