Rampur News: बुखार से दो की मौत, डेंगू के 11 और मरीज मिले
रामपुर। जिले में डेंगू-बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। बुधवार को सैदनगर क्षेत्र में बुखार से महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं जिले भर में 11 और डेंगू के रोगी मिले हैं। इनमें सैदनगर ब्लॉक में पांच डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। डेंगू के साथ ही बुखार और सर्दी-खांसी के मरीज बढ़ने लगे हैं। सैदनगर के नगलिया आकिल निवासी अब्दुल सलाम की पत्नी नन्ही (55) आठ दिन से बीमार थीं। तेज बुखार के चलते परिजनों ने उन्हें निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। बुधवार की सुबह इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। दूसरा मामला भी नगलिया गांव का है। गांव निवासी सुभान अली (60) 10 दिन से बुखार से पीड़ित थे। प्लेटलेट्स ज्यादा कम होने के कारण परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हाई सेंटर रेफर कर दिया। मंगलवार की देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं मौसम में ठंड बढ़ने के बाद भी डेंगू के मच्छरों का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। बुधवार को जारी रिपोर्ट में 11 और लोगों में डेंगू होने की पुष्टि हुई है। इससे पहले मंगलवार को भी 11 लोग डेंगू पॉजीटिव आए थे। जिले में अब तक डेंगू के 739 मामले मिल चुके हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. केके चहल ने बताया कि एक घर से मच्छरों का लार्वा मिला है। संबंधित गृह स्वामी को नोटिस जारी किया है। डेंगू से बचाव के लिए एंटी लार्वा कीटनाशक का छिड़काव कराया गया है। वहीं जिला अस्पताल में बुधवार को ओपीडी में 270 रोगियों में बुखार और सर्दी-खांसी के लक्षण मिले। इनमें से 12 रोगियों को बुखार वार्ड में भर्ती कराया गया है, जबकि डेंगू वार्ड में दो नए रोगी भर्ती हुए। संवाद