Pilibhit News: मतगणना स्थल से लौट रहे बाइक सवार युवक की मौत, दो घायल
– कलीनगर माधोटांडा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
– गंभीर घायल युवकों को जिला अस्पताल किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। कलीनगर-माधोटांडा मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरनपुर सीएचसी ले जाने पर चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर हालत में दो अन्य युवकों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाइक सवार युवक गुलाबटांडा में चल रही कलीनगर नगर पंचायत की मतगणना का रुझान जानकर घर लौट रहे थे।
माधोटांडा क्षेत्र के गांव कर करेलिया निवासी विपिन कुमार (22) शनिवार को गांव के ही आकाश और अरुण के साथ कलीनगर नगर पंचायत की मतगणना का रुझान जानने के लिए गुलाब टांडा गांव स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज गए थे। करीब साढ़े चार बजे तीनों युवक बाइक से कलीनगर होकर घर लौट रहे थे। कलीनगर-माधोटांडा मार्ग पर नहर मोड़ के पास बाइक की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर घायल विपिन बेहोश हो गया। साथी आकाश और अरुण को भी गंभीर चोट आई।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस घायलों को पहले सीएससी लेकर पहुंची। हालत गंभीर होने पर उसे पूरनपुर रेफर किया गया। जहां चिकित्सकों ने विपिन कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि आकाश और अरुण को जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाइक विपिन चला रहा था। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। इंस्पेक्टर वीरेश कुमार ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।



