हिंदू देवी-देवताओं का अपमान कर रही सपा : चौधरी भूपेंद्र सिंह
रामपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के हाल ही में दिए गए विवादित बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सपा नेता लगातार हिंदू देवी-देवताओं का अपमान कर रहे हैं। सपा को अपनी नीति को स्पष्ट करना चाहिए।प्रदेश अध्यक्ष मंगलवार को रामपुर पहुंचे। उन्होंने बाल दिवस के मौके पर राजकीय शिशु सदन में पहुंचकर बच्चों को उपहार भेंट किए। इसके बाद उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य हिंदुओं के देवी-देवताओं, उनकी आस्था एवं धर्म का अपमान कर रहे हैं। दूसरी तरफ उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष मंदिर मठों में घूमते फिर रहे हैं। इस दोहरे चरित्र को जनता खूब समझ रही है।
उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इस संबंध में अपनी नीति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं। कहा कि सरकार के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर लेकर हम सब जनता के बीच में नागरिकों की खुशहाली के लिए जा रहे हैं। इस मौके पर सांसद घनश्याम सिंह लोधी, कृषि मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, नगर विधायक आकाश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जिला अध्यक्ष हंसराज पप्पू, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष मोहन सैनी, सूर्य प्रकाश पाल, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा आदि उपस्थित रहे।