बदायूं

Budaun News: सहसवान मतगणना स्थल में भिड़े समर्थक, बाजार बंद

Connect News 24

पांचवें राउंड की दो बार कराई गई मतगणना, पुलिस ने बाहर किए समर्थक

संवाद न्यूज एजेंसी

सहसवान (बदायूं)। नगर के राजकीय पॉलिटेक्निक में चल रही मतगणना के दौरान शनिवार शाम भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी मीर हादी अली के समर्थक आपस में भिड़ गए। इससे नगर का बाजार बंद हो गया। पुलिस ने माहौल खराब होते देखकर दोनों प्रत्याशियों के समर्थक बाहर निकाल दिए। पांचवें राउंड की दो बार मतगणना कराई गई। आखिर में मीर हादी अली को प्रमाण पत्र दे दिया गया। तब कहीं मामला शांत हुआ।

यह मामला शाम करीब साढ़े पांच बजे का है। उस दौरान तक चार राउंड की मतगणना पूरी हो गई थी। तब तक निर्दलीय प्रत्याशी मीर हादी अली उर्फ बाबर मियां और भाजपा प्रत्याशी अनुज माहेश्वरी के बीच कड़ी टक्कर चल रही थी। पांचवें राउंड में आकर मीर हादी अली करीब 1477 वोट से आगे हो गए। इस पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मीर हादी अली के वोटों में निरस्त मतपत्रों को भी गिना जा रहा है। उन्होंने दोबारा मतगणना कराने की मांग की।

इसका विरोध करने पर दोनों प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह उन्हें बचाया और बाहर निकाल दिया। पांचवे राउंड की फिर से मतगणना कराई गई। इसके बावजूद मीर हादी अली के ज्यादा वोट निकले। भाजपा कार्यकर्ताओं ने फिर से मतगणना कराने की मांग की तो मीर हादी अली के समर्थक एकत्र होने लगे। उनकी सूचना पर कस्बे का बाजार बंद हो गया। बवाल की पूरी आशंका हो गई। जैसे-तैसे पुलिस प्रशासन मामला संभाला और गिनती आगे बढ़ाई। छह राउंड पूरे होने के बाद पुलिस विजयी प्रत्याशी मीर हादी को उनके घर तक छोड़कर आई।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button