Budaun News: शहर सीट के आठ प्रत्याशियों की जमानत भी नहीं बच सकी, नाजमी तीसरे नंबर पर
– कांग्रेस और बसपा का वोट बढ़ा, निर्दलीय नाजमी ने पाए 6756 वोट
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शनिवार को हुई मतगणना के बाद आए परिणामों में भाजपा प्रत्याशी दीपमाला गोयल को छोड़कर शहर सीट पर कोई प्रत्याशी इतने वोट भी नहीं पा सका कि अपनी जमानत भी बचा सकता। हालांकि निर्दलीय प्रत्याशी नाजमी ने अच्छे वोट काटे। वह 6736 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहीं। शहर सीट पर जहां निर्दलीय प्रत्याशी फात्मा रजा विजयी रहीं, वहीं भाजपा की दीपमाला गोयल को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। कांग्रेस प्रत्याशी माधवी साहू को 1627 वोट मिले। आम आदमी पार्टी की शाह जमानी को 1722 वोट मिले तो बसपा प्रत्याशी संतोष कश्यप ने 2280 वोट हासिल किए। इनके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी अजरा अल्वी को 64 वोट, आफताब को 47 वोट, आशा को 1348 वोट मिले। इसके अलावा निर्दलीय नाजिया खान को 224 वोट मिले। इनमें कोई प्रत्याशी अपनी जमानत तक नहीं बचा सका। हालांकि पिछले चुनाव की तुलना में इस बार बसपा और कांग्रेस का वोट बढ़ा है। पिछले चुनाव में बसपा प्रत्याशी प्रत्याशी प्रीति साहू ने 1377 व कांग्रेस प्रत्याशी राजरानी ने केवल 590 वोट पाए थे।
नाजमी ने मुस्लिम वोटों में लगाई सेंध
निर्दलीय लड़ी नाजमी को सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव समेत कई सपा नेताओं ने अपना समर्थन दिया था। नाजमी के देवर डॉ. शकील सपा नेता तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य हैं। उन्होंने चुनाव में काफी मेहनत की , जिससे उन्हें मुस्लिमों का काफी समर्थन भी मिला। यही वजह रही कि नाजमी ने पांच हजार वोटो का आंकड़ा पार कर लिया और तीसरे नंबर पर रहीं।
पिछले चुनाव की तुलना मेंं बढ़ गया नोटा, अस्वीकृत भी बढे़
शहर की जनता की प्रत्याशियों के प्रति उदासीनता के कारण ही इस बार यहां पड़ने वाले नोटा का आंकड़ा पिछले चुनाव की तुलना में बढ़ गया। पिछली बार शहर में 188 लोगों ने नोटा का प्रयोग किया था, वहीं इस बार 597 लोगों ने नोटा का प्रयोग किया। इसके अलावा इस बार अस्वीकृत मतों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। इस बार 2863 वोट अस्वीकृत हुए जबकि पिछले चुनाव में शहर में 1785 वोट खारिज हुए थे।



