रामपुर

Rampur News: इंतजाम हुए धड़ाम, बे-बस दिखे यात्री

Connect News 24

रामपुर। भाईदूज पर भीड़ के आगे रोडवेज प्रशासन के सारे इंतजाम धड़ाम हो गए। बसों में सीट के लिए मारामारी और घंटों इंतजार के बाद बस मिलने से यात्री बेहाल नजर आए। पूरे दिन सड़कों पर महिलाएं भाइयों के घर जाने और भाई बहनों के घर जाने के लिए परेशान रहे। अन्य डिपो की शहर से गुजरीं बसों में भी जमकर भीड़ रही। ऐसे में सीट के लिए मारामारी रही। रेलवे स्टेशन का भी कुछ ऐसा ही हाल रहा। ऐसे में डग्गामार वाहनों ने मनमाना किराया वसूलकर लोगों को गंतव्य तक पहुंचाया। भाईदूज पर रोडवेज प्रशासन ने हर रूट पर पर्याप्त बसें उपलब्ध कराने का वादा किया था। दिल्ली-बरेली के साथ ही लोकल रूटों पर रोडवेज ने पर्याप्त बसें उपलब्ध कराने की बात कही थी। हालांकि, बुधवार की सुबह से ही रोडवेज अफसरों के दावे हवाई साबित होते दिखे। यात्रियों की भीड़ के आगे रोडवेज अफसर खुद को असहाय महसूस करते हुए नजर आए। सुबह करीब सात बजे से ही रामपुर रोडवेज बस अडडे पर सवारियां अपने गंतव्य को जाने के लिए इंतजार करती नजर आईं। रामपुर डिपो की ओर से 62 बसों के संचालन के बाद भी यात्री भटकते नजर आए।

सुबह 12 बजे तक रामपुर रोडवेज डिपो की सेवा मिल सकी, इसके बाद कोई भी बस नहीं मिली।बरेली और दिल्ली जाने वाली मुरादाबाद और बरेली डिपो की आई बसों में अत्यधिक भीड़ के चलते मुसाफिर बैठ नहीं सके। इसके बाद डग्गामार वाहनों ने दोगुना-तीन गुना किराया वसूला। लोकल रूट मिलक, धमौरा, स्वार और शाहबाद के लिए टेंपो चालकों ने जमकर वसूली की।

रेलवे स्टेशन पर भी बढ़ी परेशानियां

रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ रही। दिल्ली और बरेली की ओर जाने वाली ट्रेनों में जबर्दस्त भीड़ रही। सुबह के वक्त किसान एक्सप्रेस, सियालदाह एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में यात्रियों की जबर्दस्त भीड़ देखी गई। इसके अलावा गुवाहटी जाने वाली ट्रेन में भी यात्रियों को जगह नहीं मिल पा रही थी। यहां आपाधापी का माहौल रहा। यात्री काफी परेशान दिखे। यात्रियों को यहां काफी देर तक ट्रेनों के लिए भी इंतजार करना पड़ा।

डग्गामार वाहनों पर लटककर किया सफर

लोकल रूटों पर भी डग्गामार वाहन खूब दौड़ते नजर आए। मिलक और स्वार की ओर चलने वाले टेंपो में क्षमता से अधिक यात्री बैठे नजर आए। शाहबाद रोड पर निजी वाहन खूब दौड़े। वहीं टेंपो पर लटककर लोग यात्रा करते हुए दिखे।

बरेली जा रहा था। अभी ट्रेन भी नहीं है तो सोचा कि बस से निकल जाऊंगा, लेकिन यहां तो व्यवस्था काफी खराब है। दो घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बस नहीं मिल सकी। अब डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ेगा।

-रोहित, यात्री

ट्रेनों में काफी भीड़ है। यहां पर अतिरिक्त सेवा कोई नहीं चलाई जा सकी है। पहले रोडवेज गया था, लेकिन वहां पर भी भीड़ अधिक थी। अभी ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं, दिल्ली के लिए निकलना था। काफी देर हो चुकी है।

-दीपक, यात्री

मै यहां पर जाब करता हूं। भाई दूज पर घर जा रहा था। बसों की काफी मारामारी बनी हुई है। लोगों को बसों में चढ़ने को नहीं मिल रहा है। सवारियां बैठी होने के चलते कंडक्टर भी दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। सीधे बसों को निकाल रहे हैं।

-नमन मेहरोत्रा, यात्री

वर्जन :

बसों के अतिरिक्त फेरे लगाए जा रहे हैं। ड्राइवर और चालक भी ओवरटाइम में लगे हुए हैं। अपनी तरफ से सभी व्यवस्थाएं पुख्ता की हैं। भीड़ ज्यादा होने के चलते यात्रियों को कुछ समस्या जरूर हुई।

-दीपचंद्र जैन, एआरएम, रामपुर


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button