Budaun News: दहेज की खातिर विवाहिता की हत्या, पांच पर एफआईआर
– इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव चिचैटा में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
इस्लामनगर। थाना क्षेत्र के गांव चिचैटा में दहेज की खातिर विवाहिता की हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के भाई ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी रिसौली निवासी सुदेश ने तीन साल पहले अपनी 24 वर्षीय बहन कुंती देवी की शादी इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव चिचैटा निवासी विपिन पुत्र सत्यपाल के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही कुंती के ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। उसको इस बात की जानकारी उसकी बहन ने दी तो वह रिश्तेदारों के साथ कई बार विपिन के घर पहुंचा और उसे व उसके परिवार वालों को समझाया। मगर, वह नहीं माने, वह लगातार दहेज की मांग करते रहे। इसी के चलते उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। शनिवार की सुबह उसको सूचना मिली तो वह परिवार के लोगों के साथ कुंती की ससुराल पहुंचा। जहां उसकी लाश चारपाई पर पड़ी थी। सुदेश की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने सुदेश की तहरीर पर विपिन, सुमित पुत्र सत्यपाल, खुशबु पत्नी सुमित, अग्रेशा पत्नी सत्यपाल और सत्यपाल के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज की।



