रामपुर

Rampur News: प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची गर्भवती की मौत

Connect News 24

रामपुर। मिलक खानम के एक निजी अस्पताल में बृहस्पतिवार देर शाम करीब सात बजे प्रसव से पहले ही गर्भवती मायावती (35) की मौत हो गई। परिजनों ने स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। हंगामा होता देख स्टाफ फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। थाना मिलक खानम के लल्लूपुरा आका नगर गांव निवासी अमर सिंह की पत्नी मायावती को बृहस्पतिवार को दोपहर प्रसव पीड़ा के चलते परिजन मिलक खानम में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल स्टाफ ने नॉर्मल डिलीवरी करने की बात कहते हुए महिला को भर्ती कर लिया। डॉक्टर द्वारा नॉर्मल डिलीवरी करने के लिए दवा दी गई। आरोप है कि शाम लगभग 7 बजे महिला की हालत बिगड़ने लगी और कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।

महिला की मौत होने के बाद परिजन ने स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा देख अस्पताल संचालक और स्टाफ मौका पाते ही भाग गया। गर्भवती की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन संचालक और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते रहे। कुछ देर बाद सीओ अनुज चौधरी और थाना अजीमनगर एसओ भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। थाना मिलक खानम के इंस्पेक्टर शेरपाल सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button